मैगी बनाते जला

By: Apr 24th, 2017 12:15 am

newsयोल – योल टिक्का लेहसर के एक घर की रसोई में अचानक आग लग गई। घटना में मैगी बना रहा विजय चपेट में आ गया। रसोई में एकाएक लगी आग इस तरह अचानक भड़की कि पास पड़े मिट्टी के तेल के कैन ने आग पकड़ ली और युवक झुलस गया। आसपास के लोगों ने होशियारी दिखाते हुए युवक पर बोरी डाल कर उसे जलने से बचाया। हादसे में बचाव करते हुए व्यक्ति की मां भी थोड़ा सा जली हैं। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नसीब सिंह के घर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। आसपास के लोग भागते हुए उसके घर की तरफ गए और जाकर देखने पर सबके होश उड़ गए। नसीब सिंह का बेटा विजय कुमार जो रसोई में मैगी बना रहा था अचानक आग की चपेट में आ गया। रसोई घर में आग इस तरह फैली कि सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि इससे पहले कोई बड़ा हादसा हो जाता, लोगों ने चतुराई दिखते हुए गैस सिलेंडर को बाहर निकाल दिया, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद लोगों ने 108 पर फोन किया, परंतु काफी समय निकाल जाने पर भी एंबुलेंस न आने पर निजी वाहन में ही विजय कुमार और उसकी माता को टांडा मेडिकल कालेज उपचार हेतु ले जाया गया। जहां विजय कुमार को एडमिट कर लिया गया और उसकी माता को उपचार के बाद वापस घर भेज दिया गया। एएसपी गौरव सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App