वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार, खाई में कार गिरी, मां-बेटी की मौत

By: Apr 3rd, 2017 5:32 pm

newsचंबा – जम्मू में वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे परिवार की गाड़ी चंबा-पठानकोट हाइवे पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की जानकारी मौके से गुजर रहे दूसरे वाहनों के चालकों ने एंबुलेंस व पुलिस विभाग को दी। गाड़ी सवार सभी लोगों को करीब साढ़े चार बजे डलहौजी अस्पताल लाया गया। लेकिन यहां चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मरने वालों की पहचान खुम देई (50) पत्नी मुसदी राम गांव जसौरगढ़ और जग देई (35) पुत्री मुसदी राम गांव टिकरीगढ़ चुराह के रूप में हुई है। इसके अलावा घायलों में किशोरी लाल (32) पुत्र मुसदी राम, बसंती (29) पत्नी किशोरी लाल, बलदेई (35) पुत्री मुसदी और हनी (6) पुत्र किशोरी लाल गांव जसौरगढ़ के रूप में हुई है।सभी वैष्णो देवी के दर्शन करके लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी लाहड़ में पहुंची तो चालक किशोरी लाल ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। कुछ ही सेकेंड में गाड़ी पास की खाई में जा गिरी। हाइवे की वजह से सुबह वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसके चलते साथ ही गुजर रही दूसरी गाड़ियों के चालकों ने हादसे की सूचना एंबुलेंस, पुलिस समेत अन्य को दे दी। तत्काल मदद मिलने की वजह से स्वास्थ्य कर्मी चार लोगों को बचाने में कामयाब हुए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विरेंद्र ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल को राहत कार्य के लिए मौके पर भेजा गया था। पुलिस इस मामले की तफतीश कर रही है। वहीं, हादसे में घायलों को टांडा रेफर कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App