शादी के मंडप में ढिशुम-ढिशुम

अंब में वर-वधु पक्ष में चले लात-घूंसे, 6 पहुंचे अस्पताल

अंब— अंब क्षेत्र के तहत पड़ते एक गांव में दूल्हा व दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग गंभीर घायल हुए है। तीन दूल्हा व तीन दुल्हन पक्ष के लोगों को गंभीरावस्था में सिविल अस्पताल अंब में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए घायलों का मेडिकल करवाकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार मरवाड़ी के साथ लगते पंजाब क्षेत्र सें एक बारात मंगलवार को विकास खंड अंब के तहत पड़ते गांव में पहुंची थी। लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों के स्वागत के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर रखी थी। रात को मिलनी से पूर्व कुछेक बारातियों ने बेवजह किसी बात को लेकर हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया। नशे में मदहोश बारातियों को लड़की पक्ष के लोगों ने अपनी तरफ से समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब बारातियों ने सारी हदें पार कर दी तो दुल्हन पक्ष के लोग भी गुस्से में आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठियां व लात-घूंसों की बरसात शुरू  हो गई, जिसमें आधा दर्जन लोग लहूलुहान हो गए, जिन्हें अंब अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इसके बाद दुल्हन पक्ष के परिजनों ने लड़की भेजने से इनकार कर दिया। रात करीब (12ः23)पंचायत प्रतिनिधियों ने व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर  माहौल को शांत किया। उसके बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौत होने के बाद ही दुल्हन पक्ष के लोग लड़की को भेजने पर राजी हुए। इसी बीच भूखे प्यासे बारातियों को सुबह तीन बजे रवाना किया गया। एसएचओ चिंतपूर्णी भूप सिंह ने बताया कि शादी समारोह के दौरान दूल्हा व दुल्हन पक्ष के लोगों में मारपीट हुई है। घायलों का मेडिकल करवाया गया है। कार्रवाई जारी है।