हिमाचल को नया औद्योगिक पैकेज जल्द

By: Apr 6th, 2017 12:20 am

प्रदेश के अधिकारियों की केंद्रीय मंत्रालय के साथ दिल्ली में मंत्रणा, शीघ्र ही होगी राहत की घोषणा

newsशिमला— हिमाचल प्रदेश को जल्दी ही नया औद्योगिक पैकेज मिलने जा रहा है और इसकी उम्मीदें बढ़ गई हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार प्रदेश के उद्योग अधिकारियों के साथ इस सिलसिले में दिल्ली में बातचीत हुई है। अधिकारियों ने मंत्रालय के अफसरों के कहने पर वे सभी जानकारियां लिखित रूप में प्रदान की हैं, जो उन्होंने मांगी थीं। यहां के अधिकारी पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि राज्य को नया औद्योगिक पैकेज जल्द घोषित हो सकता है। हालांकि इस पर कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है, परंतु सूत्र बता रहे हैं कि मामला काफी आगे बढ़ चुका है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली में और बैठक रखी गई है, जिसमें कुछ एक और जानकारियां रखी जाएंगी। गौरतलब है कि प्रदेश का विशेष औद्योगिक पैकेज खत्म कर दिया गया था और पूर्व की यूपीए सरकार ने समय से पहले इसे रद्द कर दिया। दो रियायतें यहां पैकेज के अधीन जारी थी, जो भी 31 मार्च को समाप्त हो गई हैं। प्रदेश में उद्योग लगाने वालों को कैपिटल इन्वेस्टमेंट सबसिडी और ट्रांसपोर्ट सबसिडी प्रदान की जा रही थी जिसकी मियाद 31 मार्च को समाप्त हो गई है।  इस तारीख तक जितने उद्योग चालू हो गए हैं, उन सभी को केंद्र से ये दोनों राहतें मिल सकेंगी परंतु इसके बाद उत्पादन में आने वाले उद्योगों को राहत नहीं मिलेगी। सूत्र बताते हैं कि केंद्र सरकार के स्तर पर नए पैकेज को लेकर जो चर्चा हुई है, उसके बाद ऐसी रियायतें प्रदेश के उद्योगपतियों को और मिल सकेंगी इसकी पूरी उम्मीद है। केंद्रीय मंत्रालय के अधिकारियों ने इस पर विस्तार से जानकारी ली है, जिन्होंने पिछले पैकेज से हुए लाभ के बारे में जाना है, वहीं प्रदेश में किस तरह का आधारभूत ढांचा अब खड़ा किया गया है, उस पर भी बातचीत हुई है। केंद्र सरकार ने प्रदेश को कंदरौड़ी और पंडोगा में दो नए इंडस्ट्रियल एरिया के लिए 100-100 करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्रदान की है, जिससे यहां पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा दभोटा का एक मामला केंद्र के पास विचाराधीन है।

नुकसान का ब्यौरा भी लिया

केंद्र सरकार ने यह जानकारी ली है कि पैकेज खत्म होने के बाद प्रदेश को कितना नुकसान हुआ और वर्तमान में स्थिति क्या है। इसकी विस्तृत जानकारी उद्योग विभाग के अधिकारियों ने वहां दे दी है। अधिकारियों के स्तर पर अब जो बैठक हुई है, उसमें नए पैकेज पर बातचीत हुई, जिससे प्रदेश की  उम्मीदें बढ़ी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App