कांग्रेस संगठनात्मक चुनाव धीमे

By: May 27th, 2017 7:19 pm

LOGO2शिमला – प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव बड़ी धीमी गति से चल रहे हैं। बेशक संगठन की ओर से कहा जा रहा है कि संगठनात्मक चुनाव करवाए जाएंगे, लेकिन उसकी चाल से लग नहीं रहा कि अभी चुनाव चाहते हैं। कांग्रेस के चुनाव अधिकारी ने जो समयसारिणी यहां पर चुनाव के लिए दे रखी है, उस मुताबिक काम नहीं चल पा रहा है। पिछले लगभग 10 दिन से यहां कांग्रेस सदस्यों की सूचियों को तैयार करने का काम चल रहा है, जबकि अभी तक जिलों को ये सूचियां उपलब्ध हो जानी चाहिए थीं। क्योंकि 30 मई को जिला कांग्रेस कमेटियों ने प्राथमिक सदस्यों की सूचियों को जारी करना है। अभी तक कांग्रेस ने ये सूचियां तैयार नहीं की हैं तथा अब एक-दो दिन और लगाए जाने की बात हो रही है। कांग्रेस का एक धड़ा दिल्ली में जाकर संगठनात्मक चुनाव न करवाए जाने को लेकर अपना पक्ष रख चुका है, जिन्होंने यहां विधानसभा चुनाव की दुहाई दी है, जबकि दूसरा धड़ा संगठन चुनाव तय कार्यक्रम के अनुसार करने की बात कर रहा है। बावजूद इसके सदस्यों की सूचियों को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। बताया जाता है कि अभी इसमें और जोड़-तोड़ चल रही है। कांग्रेस ने साढ़े चार लाख फार्म फील्ड में वितरित किए थे, लेकिन समय पर हर जगह से फार्म भी वापस नहीं आ पाए और इनके आने का सिलसिला जारी रहा। इस कारण से सदस्यों की अंतिम सूची जारी नहीं हो पा रही है। दो दिन बाद ये सूचियां जिलों तक पहुंच पाएंगी या नहीं, यह भी तय नहीं है और ऐसा होता है तो तय कार्यक्रम के मुताबिक जिला कांग्रेस कमेटियां इनको जारी नहीं कर पाएंगी। सुस्त रफ्तार से चल रहे इस काम ने संगठन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं, क्योंकि संगठन की ओर से ही बार-बार चुनाव समय पर करवाने की बात कही जा रही है। जल्द ही इस प्रक्रिया को जांचने के लिए प्रदेश में लगाए गए सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी पहुंचेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App