चुनावों मेंं वीरभद्र सिंह ही होंगे पार्टी का चेहरा

By: May 21st, 2017 5:55 pm

LOGO1धर्मशाला— कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आगामी चुनावों में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ही प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का मुख्य चेहरा होंगे। प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री ठाकुर कौल सिंह, जीएस बाली, विद्या स्टोक्स और वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उनके साथ होंगे। भाजपा पिछले साढ़े चार साल से सीएम के इस्तीफे की मांग कर रही है। लेकिन वास्तव में सीएम पर आरोप पत्र तय नहीं हुआ है। कांग्रेस पार्टी सभी बातों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है तथा रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुखु ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत है और संगठन व सरकार में बेहतर तालमेल है। कांग्रेस नेताओं के भाजपा के संपर्क संबंधी भाजपा नेताओं के बयान पर सुक्खू ने कहा कि भाजपा का काम लोगों को गुमराह करना है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि कई भाजपा नेता सीएम वीरभद्र सिंह, स्वयं मेरे और ठाकुर कौल सिंह के संपर्क में हैं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुक्खू ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा से जुड़े चार प्रत्याशी निर्दलीय विधायक के रुप में चुने गए और यह लोग कांग्रेस के एसोसिएट बन गए। उन्होंने कहा कि यह सरकार के साथ जुड़े रहे लेकिन कांग्रेस से इनका कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि उक्त सब कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य तक नहीं हैं। यह जब जीतकर आये थे तब भी कांग्रेस के नहीं थे और आज भी कांग्रेस के नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एसोसिएट विधायकों की पृष्ठभूमि भाजपा की रही है तो अब कांग्रेस को फर्क नहीं पड़ता है कि वह वापस भाजपा से जुड़े या नहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए खुशी की बात है कि कांग्रेस का एक भी कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में बीजेपी में शामिल नहीं हुआ है जबकि बीजेपी के कार्यकर्ता अपने शीर्ष नेतृत्व से दुखी और अपनी अनदेखी से आहत होकर कांग्रेस का हाथ थाम रहे हैं। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि निर्दलीय विधायक अपने लालच के लिए कांग्रेस सरकार के एसोसिएट बने थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App