धूमल के घर में ‘सिंह’ की सेंध

विनोद ठाकुर को कांग्रेस में शामिल कर हमीरपुर से उतारने की तैयारी

हमीरपुर— भाजपा के घर में सेंधमारी कर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल पर एक तीर से दो निशाने साधने का प्लान तैयार किया है। इसके तहत प्रदेश भाजपा सचिव विनोद ठाकुर को कांग्रेस में शामिल कर उन्हें हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से धूमल के विरुद्ध उतारने की रणनीति है। प्रेम कुमार धूमल के गृह जिला के इस एक्शन प्लान से कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री को सियासी झटका देने के मूड में है। इस कारण विनोद ठाकुर के कांग्रेसी  होने से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को मनोवैज्ञानिक लाभ मिल सकता है। हालांकि विनोद ठाकुर को जमीनी नेता नहीं माना जाता है। वर्ष 1998 में धूमल सरकार के सत्ता में आने पर विनोद ठाकुर ने अपना कारोबार आगे बढ़ाया है। इसी कारण अब शिक्षा, मीडिया तथा होटल इंडस्ट्री में अपने आपको स्थापित कर चुके हैं। पिछले कुछ समय से समीरपुर में विनोद ठाकुर का प्रभाव कम हो गया था। इसके चलते उनकी नजदीकियां नड्डा कैंप की तरफ बढ़ने लगी थीं। अचानक विनोद ठाकुर के कांगे्रस में शामिल होने की सुगबुगाहट शुरू हुई। इस मुद्दे को ‘दिव्य हिमाचल’ ने नौ मई के मुख्य संस्करण में विशेष खबर के साथ प्रमुखता से उठाया। अब खबर को आपदा प्रबंधन के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने मुहर लगा दी है। सीएम की प्रस्तावित जनसभा का जायजा लेने आए राजेंद्र राणा ने कहा कि गुरुवार को भाजपा के प्रदेश सचिव विनोद ठाकुर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। बहरहाल, विनोद ठाकुर के कांग्रेस में शामिल होने की खबर को भाजपा हल्के से ले रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राजनीतिक दलों में आना-जाना लगा रहता है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !