मंजिल के करीब पंडोगा-कंदरोड़ी का काम

अगले महीने एक साथ हो जाएगा दोनों औद्योगिक क्षेत्रों का उद्घाटन

शिमला – हिमाचल प्रदेश में सालों बाद दो नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो गए हैं। दोनों का काम आखिरी चरण में है और अगले महीने दोनों औद्योगिक क्षेत्रों के उद्घाटन की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार पंडोगा और कंदरोड़ी में सड़क-पानी की व्यवस्था का काम चल रहा है, जो कि जल्दी ही पूरा हो जाएगा। यहां चल रहे कार्यों को जांचने के लिए इंडस्ट्रियल डिवेलपमेंट कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक अन्य अधिकारियों के साथ जा रहे हैं, जिसके बाद इसे ओके रिपोर्ट मिलेगी। केंद्र में यूपीए सरकार के समय में हिमाचल को दो नए इंडस्ट्रियल एरिया डिवेलप करने के लिए करोड़ों की राशि मिली थी। इसके साथ एक तीसरा उद्योग क्षेत्र भी था, जिसका मामला अभी भी वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के पास फंसा हुआ है। जिन दो क्षेत्रों के लिए प्रदेश को पैसा मिला उनमें पंडोगा और कंदरौड़ी हैं, जबकि दभोटा का काम लटका हुआ है। पंडोगा में केंद्र से मिले 139 करोड़ से काम किया जा रहा है, जबकि कंदरौड़ी में 121 करोड़ से काम चल रहा है। कंदरोड़ी मंे लगभग छह किलोमीटर एरिया में लिंक रोड तैयार किए जा रहे हैं और यह काम आखिरी दौर में है। इसके साथ पेयजल की व्यवस्था की जा रही है, वहीं पानी की निकासी व अन्य आधारभूत सुविधाएं भी लगभग तैयार हैं। पंडोगा में लगभग चार किलोमीटर एरिया में लिंक रोड होंगे, जिन पर भी काम किया जा रहा है। राज्य का स्टेट इंडस्ट्रीयल डिवेलपमेंट कारपोरेशन यहां पर प्लाट्स विकसित कर रहा है और जल्द ही तैयार होने वाले प्लाट्स की घोषणा कर दी जाएगी। माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में यहां पर नए प्लाट्स पूरी आधारभूत सुविधाओं के साथ घोषित किए जाएंगे।

उद्योगपति लाने की रहेगी चुनौती

सरकार के सामने अपने नए उद्योग क्षेत्रों को विकसित करने की चुनौती है, क्योंकि वर्तमान में उतनी संख्या में यहां पर उद्योगपति नहीं आ रहे हैं। सरकार ने उनको रिझाने के लिए कई बड़ी रियायतें प्रदान की हैं वहीं स्टार्ट-अप स्कीम के जरिए भी औद्योगिकीकरण करने की बेहद अहम योजना है। देखना होगा कि नए उद्योग क्षेत्रों का औद्योगिकीकरण कितनी तेजी से होता है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !