रेप का आरोपी फरार, दो पुलिस कर्मी सस्पेंड

सोलन कोर्ट ले जाते समय दिया गच्चा

सोलन, धर्मपुर— सोलन कोर्ट में पेश किए जाने के लिए लाया जा रहा बलात्कार का आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर फरार हो गया। ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।  जानकारी के अनुसार सिरमौर के रहने वाले जयप्रकाश पर डगशाई की रहने वाली युवती ने बलात्कार का आरोप लगाया था। युवक पर आरोप था कि शादी का झांसा देकर वह उसके साथ बलात्कार करता रहा। पुलिस ने युवती की शिकायत के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया  था। बुधवार को युवक को कोर्ट में पेश किए जाने के लिए लाया जा रहा था। कोर्ट के समीप युवक ने शौच जाने के लिए कहा। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो पुलिस कर्मियों को शक हुआ। उन्होंने शौचालय का दरवाजा खोल कर देखा तो आरोपी  खिड़की से फरार हो चुका था।  समाचार लिखे जाने तक आरोपी युवक पुलिस के हाथ नहीं लगा था। वहीं ड्यूटी पर लापरवाही बरते जाने के आरोप में दोनों पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी सोलन अंजुम आरा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

ग्यारहवीं की छात्रा के साथ दुराचार

राजगढ़  — राजगढ़ में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीडि़त छात्रा की उम्र 17 साल 4 महीने बताई जा रही है।  पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि वह राजगढ़ में ही एक सरकारी स्कूल में पढ़ती है। पीडि़ता के मुताबिक़ उसकी मुलाकात एक महीने पहले सुशील नाम के युवक के साथ हुई थी। 15 मई को वह बहला फुसलाकर  एचडीएफसी बैंक के समीप होटल में ले गया तथा वहां  उसके साथ दुष्कर्म किया। स्थानीय पुलिस ने पीडि़ता का सोलन में मेडिकल करवाने के बाद सराहां स्थित माधवी सिंह की अदालत में पेश कर इस संबंध में बयान कलमबद्ध करवाए हैं। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 व पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि राजगढ़ पुलिस ने की है। ख़बर लिखे जाने तक आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बल रवाना कर दिया गया था। उधर, इस संबंध में राजगढ़ पुलिस के डीएसपी योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !