शादी के शगुन में रुपए-पैसे नहीं, पौधों का तोहफा

By: May 30th, 2017 12:15 am

पर्यावरण बचाने के लिए हमीरपुर के जोल निवासी बलवंत की अनूठी पहल, गिफ्ट कर रहे हरियाली

newsहमीरपुर— जिला के एक परिवार ने पर्यावरण बचाने के लिए अनोखी पहल शुरू की है। परिवार का मुखिया विवाह में शगुन के तौर पर रुपए नहीं, बल्कि एक पौधा गिफ्ट करता है। यहीं नहीं, किसी के जन्मदिन पर भी यही तोहफा दिया जाता है। अब तक यह परिवार दर्जनों पौधे शगुन के तौर पर गिफ्ट कर चुका है। करीब पांच साल से परिवार पर्यावरण संरक्षण के लिए जुटा हुआ है। पिता द्वारा लगाए गए पौधों की देखभाल बच्चे करते हैं। घर के आसपास लगाए गए करीब 150 पौधों की देखरेख का जिम्मा घर के छोटे बच्चों ने संभाल रखा है। पर्यावरण संरक्षण का यह अनोखा तरीका जोल गांव के बलवंत सिंह बबली ने निकाला है। इसमें उनकी पत्नी मंजुला भी उनका बखूबी साथ निभा रही हैं। मंजुला आंगनबाड़ी वर्कर हैं। जब भी समय मिलता है, नई पौध की देखभाल व तरह-तरह के नए पौधे लगाने का कार्य शुरू कर देती है। बलबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने सोचा कि अपने स्तर पर ही पर्यावरण को बचाने का प्रयास करता हूं। बाद में उन्होंने अपनी सोच बदली। पहले सोच रहे थे कि किस तरह पर्यावरण को बचाने में लोगों का सहयोग लूं। काफी सोचने के बाद नतीजा निकला कि क्यों न अपने रिश्तेदारों से इसे शुरू किया जाए। पहली बार जब अपने रिश्तेदार की शादी में गिफ्ट देने की बारी आई तो नया पौधा भेंट कर दिया। यह देखकर लोग हैरान जरूर हुए, लेकिन बाद में सभी सहमत हो गए। उनका कहना है कि वह पौधारोपण के लिए कोई विशेष किस्म का पौधा नहीं लाते, बल्कि जंगल में उगने वाले पौधों का भी रोपण करते हैं। इस कार्य का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण है। उनका कहना है कि पेड़ों के कटाने के कारण जंगल कम हो रहे हैं। इस कारण वातावरण भी दूषित हो रहा है। जीवनदायनी आक्सीजन देने वाले पेड़ पौधे अगर समाप्त हो गए तो मानव जीवन कई तरह की बीमारियों से ग्रसित हो जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके पिता आर्मी से सेवानिवृत्त हैं। माता गृहिणी हैं। पूरा परिवार इस काम में उनकी भरपूर मदद कर रहा है।

जनता से मांगा सहयोग

बलवीर सिंह ने बताया पांच जून को पर्यावरण दिवस पर भी उन्होंने पौधरोपण का प्लान तैयार किया है। इस दौरान वह पंचायत घर, आंगनबाड़ी केंद्र व प्राथमिक पाठशाला प्लाही में नए पौधे रोपेंगे। इन सभी जगहों पर दिन भर कर्मचारियों की अवाजाही होती है। अगर समय पर इन पौधों को पानी मिल जाए तो यहां अच्छी पौध तैयार हो जाएगी।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App