आसमान से बरसी आग, तंदूर से तपे मैदान

By: Jun 5th, 2017 12:15 am

सीजन का सबसे गर्म दिन रिकार्ड, ऊना का पारा 44 डिग्री पार

newsशिमला – प्रदेश में रविवार को आसमान से आग बरसी। सुबह से सूरज तपना शुरू हुआ तो देर शाम तक जलाता रहा। दोपहर के समय तो प्रदेश भट्टी की तरह सुलगने लगा। खासतौर पर प्रदेश के मैदानी इलाके प्रचंड गर्मी से तंदूर की तरह दहकने लगे। प्रदेश में रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा है। प्रदेश के ऊना का पारा 44.0 डिग्री से पार हो गया है। गौर हो कि प्रदेश के ऊना में वर्ष 2005 में 21 जून को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री रिकार्ड किया गया था। रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री आंका गया, जो जिला में अब तक का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। वहीं, प्रदेश के कांगड़ा बिलासपुर, सुंदरनगर, नाहन में भी सूरज की किरणें आग उगल रही हैं। कांगड़ा, बिलासपुर का पारा भी 40.0 डिग्री से पार हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत सोमवार को भी राज्य में सूरज रौद्र रूप दिखाएगा, जबकि छह जून से राहत की फुहारें बरसने की उम्मीद है। रविवार को राज्य में प्रचंड गर्मी से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री का उछाल आंका गया। ऊना का पारा 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा कांगड़ा में अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री दर्ज किया गया। कांगड़ा के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री का उछाल आया, जबकि ऊना के तापमान में 2.6 डिग्री का उछाल आया है। प्रदेश के ऊना, नाहन, बिलासपुर व हमीरपुर का अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री से पार हो गया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 30.1, सुंदरनगर में 39.0, भुंतर में 38.2, कल्पा में 26.0, ऊना में 44.8, नाहन में 37.2, सोलन में 36.0 और कांगड़ा में 42.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। प्रदेश में छह जून से मौसम करवट लेगा।

सिरमौर में टूटा दस साल का रिकार्ड

नाहन- जिला सिरमौर में भीषण गर्मी ने रविवार को करीब एक दशक का रिकार्ड तोड़ दिया। हालात ये हैं कि दो दिनों में सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब व पांवटा साहिब ने प्रदेश ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य हरियाणा व पंजाब को भी तापमान में पीछे छोड़ दिया है। सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब का तापमान रविवार को 43 डिग्री के पार रहा। यही नहीं औद्योगिक क्षेत्र बद्दी का पारा भी रविवार को कालाअंब के बराबर ही 43 डिग्री रहा। गर्मी के थपेड़ों ने मानों सिरमौर जैसे पहाड़ी जिला में भी कर्फ्यू लगा दिया हो। करीब 11 बजे से शाम छह बजे तक जिला के अधिकांश हिस्सों में लू का मौसम रहा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App