कांग्रेस ने रोका प्रदेश का विकास

भाजपा दिग्गजों का आरोप; सड़कें बदहाल, माफिया सक्रिय

हमीरपुर  – भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा ने गुरुवार को पक्का भरो से हमीरपुर में प्रवेश किया। इस दौरान रथ पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत्तपाल सिंह सत्ती सहित भाजपा के दिग्गज नेता मौजूद रहे। पक्का भरो में महिला मोर्चा की सदस्यों के साथ मंडलाध्यक्ष बलदेव धीमान ने रथ का स्वागत किया। यहां जनसमूह को पूर्व सीएम ने प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा को समर्थन देने और कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए रथ को आगे बढ़ाया। रथ यात्रा 70 मतदान केंद्रों को छूती हुई विभिन्न कस्बों और गांवों से गुजरी है। गुरुवार को हमीरपुर में रथ के पहुंचने पर लोगों ने छतरियां तानकर, ढोल की थाप और नरसिंहे के उदघोष पर जोश और उत्साह से रथ यात्रा का स्वागत किया। रथ यात्रा पक्का भरो से शुरू होकर मटानी, खग्गल, कुस्वाढ़, नाल्टी, बगार्टी, चंगर, सेरबलोणी, बाड़ी-फरनौल, मस्याना, हाउंसिंग बोर्ड कालोनी, गांधी चौक, मुख्य बजार हमीरपुर, दोसड़का, बडू, बरोहा, बोहनी, लंबलू, अमनेड़ व चमनेड़ से गुजरकर डिडवीं टिक्कर में जाकर रुकी। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय वासियों ने रथ यात्रा का स्वागत किया। भाजपा दिग्गजों ने भी जगह-जगह रथ रोक कर जनता को संबोधित कर कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार, असफलताओं और माफिया राज का व्याख्यान कर जनता से इस भ्रष्ट सरकार और भ्रष्ट मुखिया को उखाड़ फेंकने, भाजपा के नेतृतव वाली विकास करने वाली सरकार लाने की अपील की। भाजपा नेताओं ने लंबलू और डिडवीं टिक्कर में जनसभाओं को संबोधित करते हए कहा की इस भ्रष्ट सरकार का मुखिया बेल पर है और मुखिया के सहयोगी जेल में हैं। हिमाचल की जनता को उसका हक मिले इसके  लिए परिवर्तन जरुरी है। इस परिवर्तन रथ यात्रा में पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, प्रदेश सचिव कमलेश कुमारी, प्रदेश मिडिया सह प्रभारी नरेंदर अत्री सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

भ्रष्ट शासन को उखाड़ने की अपील

धनेड़ – भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा गुरुवार को नाल्टी, डुढाणा, ब्राहलड़ी, नारा, गलोट, चंगर, शेर बलौनी, धनेड़, झगडि़याणा व फरनोल में पहुंची। रथ यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, जिला प्रभारी प्रवीण शर्मा शामिल रहे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने धनेड़ में जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का विकास थम गया है। सड़के खड्डों में तबदील हो गई हैं। हालत बद से बदतर हो गए हैं। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार साल से माफिया सरकार चल रही है। यहां मुख्यमंत्री सरकार नहीं चला रहे, बल्कि माफिया राज सरकार को चला रहा है। इस कारण प्रदेश में चारों तरफ माफिया राज फैल गया है। यहीं कारण है कि भाजपा अब इसके विरोध में परिवर्तन रथ यात्रा निकाल रही है। आने वाले समय में प्रदेश से कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, भाजपा महामंत्री हरीष शर्मा, राकेश गौत्तम, पंचायत समिति अध्यक्ष सोनी कुमार, भाजपा मंडल अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष सतीश कंवल, प्रधान धनेड़ पंचायत जोगिंद्र सिंह कंवर, पंचायत समिति सदस्य कल्पना चोपड़ा, उपप्रधान राजकुमार, ध्यान सिंह, विजय कुमार, सुभाष चंद सहित अन्य उपस्थित रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !