गरामौड़ा टोल बैरियर पर सरेआम गुंडागर्दी


स्वारघाट: 
चंडीगढ़-मनाली सड़क मार्ग में पंजाब की सीमा पर स्थित गरामौड़ा टोल प्लाजा पर शुक्रवार को हरियाणा के कुछ लोगों ने टोल पर्ची को लेकर हुए विवाद में टोल कर्मचारी को गोली मार दी। बंदूक से निकली गोली टोल कर्मी के कूल्हे में लगी। उसे घायल अवस्था में एफआईयू नालागढ़ ले जाया गया, लेकिन वहां पर उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। उक्त गोलीकांड के आरोपी खुद को हरियाणा राज्य की गुडग़ांव क्राइम ब्रांच का कर्मी बता रहे हंै और उनका दावा है कि वे किसी जांच के चलते कुल्लू जा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पंजाब की तरफ से हरियाणा (एचआर-26सीएच-2204) की सफारी गाड़ी टोल प्लाजा पर आई तो चालक ने कार को गलत दिशा से निकालने की कोशिश की। सफारी में छह लोग सवार थे। पर्ची काटने वाले टोल कर्मी रणवीर ने गाड़ी को रुकवाया और टोल पर्ची के बारे में बात की तो गाड़ी में बैठे लोग उससे बहस करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि गाड़ी में बैठे लोग टोल कर्मचारी के साथ मारपीट करने लगे। इसी बीच तैश में आकर हरियाणवी लोगों ने टोल कर्मी पर गोली चला दी, जो उसके कूल्हे में जाकर लगी। गोली चलाने के बाद सभी लोग गाड़ी मोड़कर पंजाब की तरफ भागने लगे, लेकिन वाहनों का जाम होने के चलते वे गाड़ी वहीं छोड़कर पैदल ही घटनास्थल से फरार हो गए। इसके बाद पंजाब पुलिस, पुलिस थाना कोट पुलिस, स्वारघाट थाना पुलिस, नयना देवी चौकी पुलिस, डीएसपी आनंदपुर साहिब, डीएसपी नयना देवी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और संयुक्त कार्रवाई कर ग्रामीणों की सहायता से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। खबर लिखे जाने तक दो आरोपी फरार थे।

मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है और उनसे पुलिस थाना कोट में जांच व पूछताछ की जा रही है। दो आरोपी अभी फरार हैं। मामला दर्ज कर लिया है, छानबीन जारी है- राहुल नाथ, पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर