गर्मी अब चंद दिन की मेहमान

By: Jun 15th, 2017 12:20 am

प्रदेश में 20 जून तक पहुंच जाएगा मानसून, इस साल सामान्य बारिश होने के आसार

newsनौणी — हिमाचल प्रदेश में अब गर्मी कुछ ही दिनों की मेहमान रह गई है। कृषि सलाह सेवा इकाई नौणी विश्वविद्यालय ने संभावना व्यक्त की है कि बीस जून तक हिमाचल में मानसून प्रवेश कर सकता है। इस वर्ष मानूसन सामान्य रूप से बरसेगा।  मानसून के शुरुआती दौर में अधिकतर क्षेत्रों में बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। मानसून की तीव्रता भी काफी अधिक रहेगी। बताया जा रहा है कि इस वर्ष मानसून 96 प्रतिशत रहेगा। इस दौरान मानसून की फुहारें प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में पड़ सकती हैं। इस दौरान आर्द्रता का स्तर 40 से 99 प्रतिशत तक रहने  की संभावना है। मानसून के आगमन के साथ लोगों को भीषण गर्मी से भी राहत मिल सकती है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।  विश्वविद्यालय की कृषि सलाह सेवा इकाई द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जून माह के पहले पखवाड़े में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।   पर्यावरण विज्ञान विभाग के एचओडी डा. सतीश भारद्वाज ने बताया कि इस वर्ष मानसून सामान्य रहने की उम्मीद है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में जून माह के दूसरे पखवाड़े से मानसून की फुहारें पड़नी शुरू हो जाएंगी।

 ऊना का पारा 41 डिग्री सेल्सियस

शिमला — मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 15 जून से 20 जून तक प्रदेश के मैदानी, मध्यम और ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश की संभावना है, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्र में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं 18 को मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन बाकी दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा। बुधवार को पिछले 24 घंटों के दौरान विभिन्न स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सुंदरनगर में 0.7, कल्पा में 0.2, धर्मशाला में 16.8, ऊना में 1.4, पालमपुर में 9.6, कांगड़ा में 1.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बुधवार दोपहर को राजधानी शिमला में भी हल्की बारिश हुई। इसके चलते गर्मी से राहत मिली है। बुधवार को ऊना में सबसे अधिक 41 सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह सुंदरनगर में 33.5, भुंतर में 34.8, कल्पा में 23.0, धर्मशाला में 27.8, नाहन में 35.1, सोलन में 31.2 और कांगड़ा 37.3 और शिमला में 27.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मैदानों में प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App