नगर निगम चुनाव तो विधानसभा का ट्रेलर

By: Jun 19th, 2017 12:15 am

newsहरिपुरधार — नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने हरिपुरधार की जनसभा में कहा कि नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 31 साल बाद एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा चुनाव से पहले का ट्रेलर है, पूरी पिक्चर आनी अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सत्ता पर 26 वर्षों तक कांग्रेस व पांच साल तक माकपा सत्तासीन रही। कांग्रेस व माकपा ने 31 वर्षों तक शिमला में गंध घोली थी, जिसे भाजपा ने धो डाला है। प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाया कि दिल्ली से चल रही विकास की गंगा हिमाचल नहीं पहुंच रही है। कांग्रेस ने 2012 का चुनाव धोखे से जीता था। पीछे साढ़े चार वर्षों के दौरान सरकार ने गरीबों के साथ धोखा किया है। कर्मचारियों को छला है। किसानों को ठगा है। यहां तक कि कांग्रेस ने बच्चों को भी नहीं बख्शा। पूर्व सीएम ने कहा कि उन्होंने स्कूली बच्चों के लिए मुफ्त वर्दी योजना शुरू की थी, मगर सत्ता में आते ही कांग्रेस सरकार ने इस योजना को भी बंद कर दिया। इस सरकार ने बच्चों के साथ भी धोखा कर दिया। जब केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी तो उन्होंने प्रदेश में उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 वर्षों के लिए औद्योगिक पैकेज दिया था, मगर कांग्रेस सरकार ने इसे छीन लिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल को फिर से स्पेशल केटागरी का दर्जा प्रदान किया है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर, शिलाई के विधायक बलदेव तोमर, पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप, पूर्व विधायक हिरदा राम चौहान, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य हीरा सिंह ठाकुर, सही राम चौहान, बलबीर चौहान, मंडल अध्यक्ष प्रताप तोमर समेत कई वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता उपिस्थत रहे।

जनजातीय क्षेत्र की मांग धूमल ने उठाई

सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि जब प्रेम कुमार धूमल सांसद थे तो गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा प्रदान करने की मांग संसद में सबसे पहले उन्होंने ही उठाई। हरिपुरधार को चार एनएच दिलाने का श्रेय भी पूर्व मुख्यमंत्री धूमल को ही जाता है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App