नाइजीरियन युवक हेरोइन-गांजे संग धरा

ऊना पुलिस ने दिल्ली से अरेस्ट किया नशे का सप्लायर, केस दर्ज

ऊना— ड्रग माफिया के विरुद्ध छेड़े अभियान में ऊना पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। ऊना पुलिस ने दिल्ली में रेड कर एक विदेशी नागरिक को हिरासत में लिया है। उक्त व्यक्ति की पहचान वास्को के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार वास्को मूलतः नाइजीरियन है। वास्को के कब्जे से पुलिस को 60 ग्राम हेरोइन, 1.87 ग्राम गांजा, 142 ग्राम सफेद पाउडर, 60 ग्राम काले रंग का पेस्टनुमा पदार्थ व एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ है। पुलिस ने  सफेद पाउडर व काले रंग के पेस्टनुमा पदार्थ को जांच के लिए आरएफएसएल शिमला भेजा है। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। वास्को लंबे समय से हिमाचल में हेरोईन की सप्लाई कर रहा था। ऊना पुलिस ने गत सप्ताह मैहरे के एक युवक राकेश कुमार उर्फ रॉकी को 25 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। उक्त युवक से मिली इनपुट्स के आधार पर ही पुलिस को वास्को के बारे में जानकारी हासिल हुई थी।  राकेश   के ही एक अन्य सहयोगी अनुज चोपड़ा द्वारा पुलिस कार्रवाई की जानकारी लीक कर देने से वास्को अंडरग्राउंड हो गया था, जिसके चलते पहली बार वास्को को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही, लेकिन पुलिस ने बाद में अनुज चोपड़ा को अरेस्ट किया, जिसके बाद अनुज के साथ दिल्ली में एसआई अंकुश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेड कर एक मकान से वास्को को हिरासत में लिया। पुलिस ने वाक्सो के विरुद्ध एनडीपीएस की धारा 20 व 29 तथा अनुज के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अनुपम शर्मा ने कहा कि विदेशी नागरिक को शीघ्र ही अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं नाइजीरियन एंबेसी को भी इसकी सूचना दी जाएगी।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !