भाजपा की रैली को धर्मपुर तैयार

धर्मपुर – धर्मपुर में 30 जून को हो रही भाजपा की माफिया राज हटाओ प्रदेश बचाओ परिवर्तन रैली के लिए स्थल का निरीक्षण विधान सभा क्षेत्र कसौली के विधायक डा. राजीव सहजल ने किया व रैली की तैयारियों को पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सहयोग देने को कहा। बता दें कि इस रैली के साथ धर्मपुर में शिमला सांसदीय क्षेत्र की रथ यात्रा का भी स्वागत कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ भाजपा के पार्टी पदाधिकारी संजीव कश्यप, मदन मोहन मेहता, चंदन शर्मा, सुंदरम ठाकुर, मदन ठाकुर, मीना राम, सुरजीत सिह लांबा भी मौजूद रहे। रैली स्थल के निरीक्षण करने के तुरंत बाद धर्मपुर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में बैठक का आयोजन भी किया गया,जिसमें रैली के लिए कार्यकर्ताओं को दिशानिर्देश दिए गए। इस बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी कसौली मंडल के अध्यक्ष ने की। जबकि इस बैठक में विधायक डा. राजीव सहजल विशेष रुप में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए विधायक डा. राजीव सहजल ने बताया की धर्मपुर में होने वाली परिवर्तन रैली से पहले शिमला संसदीय क्षेत्र की रथ यात्रा का जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके बाद परिवर्तन रैली को भाजपा प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, शिमला संसदीय क्षेत्र के  सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। वहीं बताया कि रैली को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस परिवर्तन रैली में लगभग 3500 कार्यकर्ताओं के रैली में पंहुचने का अनुमान है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !