सज्याओपिपलू को पोलीटेक्नीक कालेज

धर्मपुर — विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हलके में घोषणाओं की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने सज्याओपिपलू में बहुतकनीकी कालेज (बालिका) खोलने की घोषणा की है। सज्जायोपिपलू में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने चंद्रशेखर की मांग पर यह बड़ा ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने टीहरा में पुलिस चौकी, टीहरा पीएचसी का दर्जा बढ़ाकर सीएचसी और धर्मपुर में आईपीएच का डिवीजन खोलने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हलके में करोड़ों रुपए के शिलान्यास, उद्घाटन व बड़े विकास पैकेज की घोषणा करके जनता का दिल जीतने का प्रयास किया। शनिवार सुबह टीहरा क्षेत्र की तन्यार पंचायत में  विद्युत विभाग के 33 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास किया। इसके बाद डरवाड में पीएचसी भवन जनता को समर्पित किया व चस्वाल पुल का उद्घाटन किया। इन कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित धर्मपुर विकास पर्व में कहा कि उनकी सरकार ने पूरे प्रदेश में एक समान विकास करते हुए नए विकास के आयाम स्थापित किए हैं। भाजपा क्षेत्रवाद की राजनीति करती है और उनकी सरकार समानता के साथ विकास करती है।

यहां हुए शिलान्यास और उद्घाटन

विकास पर्व में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री ने 33 केवी सब-स्टेशन मंडप का उद्घाटन, बीडीओ आवास धर्मपुर का शिलान्यास, एसडीएम और तहसीलदार ऑफि स जनता को समर्पित किए। सोन खड्ड और नाल्ड खड्ड में फुटब्रिज का शिलान्यास, पुलिस थाना में बने आवास भवन का उद्घाटन, उठाऊ पेयजल योजना मलहुआ का शिलान्यास, विश्राम गृह सिद्धपुर का उद्घाटन, साइंस लैब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिद्धपुर का उद्घाटन, सेरीकल्चर ट्रेनिंग सेंटर सिद्धपुर का शिलान्यास किया गया।

धर्मपुर को मिले ये-ये तोहफे

धर्मपुर विकास पर्व में मुख्यमंत्री ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने आईपीएच डिवीजन सरकाघाट को सुंदरनगर सर्किल में जोड़ने का भी ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने सज्याओपिपलू में बहुतकनीकी कालेज बालिका खोलने, टीहरा में पुलिस चौकी, टीहरा पीएचसी का दर्ज बढ़ा कर सीएचसी, धर्मपुर में आईपीएच का डिवीजन, धर्मपुर में पशु चिकित्सालय, डरवाड पंचायत के घरवासडा में आईपीएच का सेक्शन ऑफिस, चोलनगड़ व भरौरी को हाई स्कूल बनाने व पीएचसी दारपा खोलने, मंडप में बिजली विभाग का उपमंडल खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के युवा कांग्रेस नेता चंद्रशेखर ने जो भी मांगें यहां से रखी हैं, उन सब को पूरा करने की बात कही। इनमें स्वास्थ्य विभाग का सब-सेंटर फि हड़, भूर, पपलोग और ग्वेला में खोलना की मांग थी।

टिकट के चाहवानों को झटका

धर्मपुर — धर्मपुर विस से कांग्रेस टिकट पर इस बार बदलाव करवा कर चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले धर्मपुर के कुछ कांग्रेस नेताओं को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जोर का झटका धीरे से दिया है। सज्याओपिपलू में आयोजित कांग्रेस पार्टी के धर्मपुर विकास पर्व में युवा नेता चंद्रशेखर की न सिर्फ खूब पीठ थपथपाई, बल्कि जमकर प्रशंसा भी की और यहां तक कह दिया कि जनता इस बार हर हाल में चंद्रशेखर को धर्मपुर से जीत दिला कर विधानसभा में भेजे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर में काम करने के लिए जोश, होश और लग्न है, ऐसे व्यक्ति को विधानसभा में होना चाहिए। इसलिए जनता आने वाले चुनावों में चंद्रशेखर को भारी मतों से विजयी बनाये। उधर, सीएम की इस घोषणा के बाद कई कांग्रेसियों के चेहरे जनसभा में ही लटक गए। बता दें कि चंद्रशेखर दो बार कांग्रेस टिकट पर धर्मपुर का चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन दोनों ही बार उन्हें जीत नहीं मिली है, जिसके बाद अब कई कांग्रेसी टिकट बदलने की मंशा लेकर चले हुए हैं, लेकिन इन सब की मंशाओं पर सीएम ने शनिवार को पानी फेर दिया।

*  धर्मपुर विस के एकदिवसीय दौरे के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का सरकाघाट कालेज ग्राउंड में दिल्ली से हेलिकाप्टर द्वारा पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ ही भाजपा ने भी स्वागत किया। यहां पर भाजपा विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

*  सरकाघाट पहुंचे मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान पूर्व मंत्री रंगीला राम राव और कांग्रेस युवा नेता यदुपति ठाकुर के समर्थकों के बीच खूब शक्ति प्रदर्शन हुआ। यहां पर दोनों तरफ से अपने-अपने नेताओं के खूब नारे लगाए गए।

*  चोलथरा में मुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर व भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी किया। महेंद्र सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र भी सौंपा। यहां पर कुछ देर के लिए महेंद्र सिंह ठाकुर और धर्मपुर से कांग्रेस नेता चंद्रशेखर के बीच नोक -झोंक व टकराव भी हुआ।

*  धर्मपुर कांग्रेस की तरफ से सज्याओपिपलू में रखी गई जनसभा में उमड़ी भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री खूब गदगद हुए। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत भी किया।

फरेब की राजनीति करते हैं महेंद्र सिंह

हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह ही उन्हें राजनीति में लाए हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों को सपने ही दिखाए हैं और झूठ और फ रेब की राजनीति की है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी सुंदरनगर पवन ठाकुर, ब्लाक अध्यक्ष प्रेम सिंह, बीडीसी अध्यक्ष  कुलदीप चंब्याल, जेके आज़ाद, नरेंद्र ठाकुर, एडवोकट रितेश ठाकुर, उपायुक्त संदीप कदम और अन्य उपस्थित रहे।

भाजपा वर्कर्ज ने लगाए सीएम जिंदाबाद के नारे

धर्मपुर — ऊना में परिवहन मंत्री जीएस बाली के पक्ष में भाजपा नेताओं द्वारा नारे लगाने के बाद शनिवार को धर्मपुर में भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ऐसी ही अजीब स्थिति बन गई। धर्मपुर के सज्याओेपिपलू के लिए जा रहे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का चोलथरा में पूर्व मंत्री एवं धर्मपुर के विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं व महेंद्र सिंह के समर्थकों ने जोश-जोश में मुख्यमंत्री के जिंदाबाद के नारे लगाए दिए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोश-जोश में वीरभद्र सिंह जिंदाबाद, वीरभद्र सिंह को जय श्रीराम और राजा नहीं फकीर है हिमाचल की तकदीर है, जैसे कई नारे लगा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इन नारों को सुन कर मुख्यमंत्री के चेहरे पर भी हल्की सी मुस्कान दिखी और बाद में वह अपनी हंसी नहीं रोक पाए। चोलथरा में महेंद्र सिंह के साथ भाजपा के दर्जनों लोग उपस्थित रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री का बड़ी गर्मजोशी से स्वागत भी किया। वहीं इस अवसर पर महेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की मांगों को लेकर मांग पत्र भी सौंपा। महेंद्र सिंह ठाकुर ने धर्मपुर विस क्षेत्र में चल रही पेयजल समस्या से सीएम को अवगत करवाया और उसका हल करने की मांग की। इस मौके पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री रजत ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री दलीप ठाकुर, जिला परिषद सदस्य राजकुमार और भाजयुमों मंडलाध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित भाजपा के कई लोग उपस्थित रहे।

स्टोक्स बोलीं, सातवीं बार बनेंगे सीएम

आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स ने जनसभा में कहा कि प्रदेश में अभूतपूर्व विकास वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हुआ है और अगला चुनाव मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लड़कर ही प्रदेश में सातवीं वार वीरभद्र सिंह को मुख्यमंत्री बनाकर सरकार बनाई जाएगी।

डाक्टरों की कमी पर बोल उठे राव

पूर्व मंत्री राव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि धर्मपुर और सरकाघाट विधानसभा क्षेत्रों के अस्पतालों में डाक्टरों की भारी कमी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि चिकित्सकों की कमी को दूर किया जाए।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !