सात डिग्री लुढ़का पारा

ऊना —  जिला में आंधी के साथ हुई जोरदार बारिश से मौसम ने एकदम से करवट ली है। एक ही दिन में जिला के तामपान में सात डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। एक दम से हुई ठंड से लोग फुल बाजू कपड़े पहने दिखाई दिए। हालांकि बुधवार को निकली धूप से गर्मी फिर से बढ़ी है, लेकिन बारिश ने तपती गर्मी से जिलावासियों को काफी हद तक राहत प्रदान की है। वहीं, बारिश होने से किसानों के चेहरे भी खिल चुके हैं। गेहूं की फसल की कटाई के बाद किसान अब अगली फसल की तैयारी में थे, जिसके लिए खेतों को बनाने व संवारने के लिए बारिश होना बहुत जरूरी थी। बारिश होने पर किसानों ने खेतों को संवारने का कार्य भी शुरू कर दिया है। दोपहर में रोजाना एसी के साथ गुजारा करने वाले लोगों ने बुधवार को पंखे से ही काम चलाया। 16.4 मिलीमीटर बारिश से जिला मौसम काफी सुहावना हो गया है। बुधवार को जिला का अधिकतम तापमान 31.6 तथा न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को जिला का तापमान 38.5 व 19.8 डिग्री दर्ज हुआ था। विनोद कुमार ने बताया कि बारिश के साथ जिला के तापमान में गिरावट आई है।