सुसाइड नोट के पीछे भी मर्डर मिस्ट्री!

By: Jun 12th, 2017 12:15 am

आत्महत्या मानने को तैयार नहीं लोग

newsकरसोग, मंडी – करसोग उपमंडल के वनरक्षक होशियार सिंह की मौत की गुत्थी अजब पहेली बनती जा रही है। होशियार सिंह की मौत कीसारी कहानी तीन सुसाइड नोट में लिखी हुई है। अगर यह सुसाइड नोट सही है और होशियार सिंह ने ही लिखे हैं, तो यह साफ है कि होशियार सिंह अपने विभाग के कुछ अधिकारियों और वन तस्करों का दबाव नहीं सह सका और उसने खुद ही मौत को गले लगा लिया। हालांकि लोग यह बात मानने को तैयार नहीं हैं। अभी भी लोगों को यही लग रहा है कि सुसाइड नोट के पीछे भी कोई मर्डर मिस्ट्री छिपी हुई है। इस मामले में सुसाइड नोट के आधार पर हिरासत में लिए गए पांच लोगों को कोर्ट ने अब तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड में इस मामले के कई तथ्य व कडि़यां अब सामने आएंगी। इस मामले में अब वन विभाग के एक बीओ पर निलंबन की गाज भी लटक गई है। डीएफओ करसोग ने हिरासत में लिए गए बीओ के निलंबन की अनुशंसा उच्च अधिकारियों को भेज दी है। इसके साथ ही पुलिस अब होशियार सिंह का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच करने जा रही है। होशियार सिंह के तीनों सुसाइड नोट व अन्य लिखावट के नमूने को लैब में जांच के लिए भेजा जा रहा है। जहां होशियार सिंह का शव मिला था, वहां बैग में पुलिस को एक डायरी मिली और इस डायरी में दो सुसाइड नोट होशियार सिंह ने लिखे हुए थे, जबकि इसके बाद एक सुसाइड नोट उसके कमरे से मिला। इन सुसाइड नोट में होशियार सिंह ने एक अधिकारी सहित चार अन्य लोगों के नाम लिखे थे। इसके बाद पुलिस ने इन पांचों को हिरासत में लेकर पांचों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ एक जहर की शीशी भी होशियार सिंह के बैग से मिली थी। तीन सुसाइड नोट में एक नोट होशियार सिंह ने अपनी दादी के नाम लिखा है, जबकि एक अपने विभाग और एक चार लोगों के नाम लिखा गया है।  एसएचओ करसोग अश्वनी शर्मा ने बताया पांचों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड में पांचों से पूछताछ की जाएगी। एसएसपी मंडी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रख कर जांच कर रही है।

उच्चाधिकारियों को भेजा लैटर

वनमंडलाधिकारी राजकुमार शर्मा के अनुसार करसोग पुलिस द्वारा दी गई सूचना के आधार पर वन खंड अधिकारी को हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें निलंबित किए जाने की प्रक्रिया अमल में लाते हुए वन उच्चाधिकारियों को अनुशंसा पत्र भेज दिया है।

मोबाइल में तस्करी के कई सबूत

वनरक्षक होशियार सिंह का मोबाइले पुलिस ने कब्जे में लिया है। परिजनों के अनुसार होशियार सिंह के मोबाइल फोन में वन तस्करों के खिलाफ कई सबूत हैं। होशियार सिंह ने अपने चाचा को भी एक वीडियो क्लिप दिखाई थी। अब पुलिस इसकी जांच कर रही है।

होशियार नहीं कर सकता आत्महत्या

चाचा परस राम के अनुसार होशियार सिंह के आत्महत्या की बात सही नहीं है। उन्होंने कहा कि यह हत्या है। होशियार सिंह आत्महत्या करने वाला बच्चा नहीं था। परस राम ने कहा कि जहर खाना, पेड़ पर चढ़ना कोई सच्चाई नहीं है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App