स्मार्ट सिटी में कांग्रेस रोड़ा

शिमला— भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डा.राजीव बिंदल ने कहा है कि शिमला शहर को स्मार्ट सिटी नहीं मिलने के लिए कांग्रेस सरकार पूरी तरह से दोषी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी शिमला को यह रुतबा दिलाना ही नहीं चाहती थी, जिसने केंद्र सरकार से धर्मशाला की सिफारिश की। जबकि स्मार्ट सिटी में सबसे पहले शिमला आना चाहिए था। इस कारण से शिमला शहर को 2600 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए डा.राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा सिर्फ और सिर्फ शिमला के अधिकार के लिए चुनाव लड़ रही है। भाजपा चाहती है कि शिमला का ऐसा विकास हो जो कि 31 साल में नहीं हो सका, जिसके लिए वह केंद्र सरकार से मदद लेकर शहर को उसका खोया गौरव लौटाएगी। बिदंल ने कहा कि आज कांग्रेस ने शहर के लिए कुछ नहीं किया और यही कारण है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को खुद वोट मांगने के लिए वार्डों में जाना पड़ रहा है। एक नगर निगम को शहर की सभी मूलभूत जरूरतों को पूरा करना चाहिए, जिसके लिए वित्तीय मदद जरूरी है। ये वित्तीय मदद भाजपा अपनी केंद्र सरकार से ला सकती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी भाजपा जीतकर यहां सत्ता में आएगी और इसका भी पूरा लाभ शिमला शहर को मिलेगा। इसलिए

शहर की जनता भाजपा को वोट दें।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !