होशियार की दादी को 50 हजार मदद

वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने सौंपी रकम

मंडी— वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने वनरक्षक होशियार सिंह की मौत  की सीबीआई से जांच करवाने के लिए आवाज बुलंद की है। वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ मंडी वृत्त के प्रधान प्रदीप ठाकुर ने कहा कि महासंघ जल्द ही प्रदेशाध्यक्ष तुलसी राम की अगवाई में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलेगा और   सीबीआई जांच करने की पुरजोर मांग उठाई जाएगी। प्रदीप ठाकुर ने कहा कि वनरक्षक होशियार सिंह की मौत से वन कर्मियों में रोष है और यह घटना बहुत की दुखदायी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को उक्त मामले की निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए व जो भी इसमें दोषी होंगे, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए। वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ वृत्त मंडी की ओर से वनरक्षक होशियार की दादी को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की गई। प्रदीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेशभर के वन कर्मी होशियार सिंह के परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता मुहैया करवाएंगे, जिसको एकत्रित करने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदीप ठाकुर सहित मंडी वन खंड के प्रधान हुकम चंद, नाचन खंड के प्रधान ठाकर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद व इंद्रदेव सहित अन्य उपस्थित रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !