14 तक खिलेगी धूप 15 से मौसम खराब

By: Jun 12th, 2017 12:15 am

newsशिमला  – प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में सप्ताह भर मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो जगह 17 जून तक गर्जन के साथ बारिश की उम्मीदें जताई हैं। मौसम विभाग की मानें तो मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 14 जून तक मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 15 से 17 जून तक मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों व मैदानी इलाकों में कई जगह 24 घंटों के दौरान बारिश रिकार्ड की गई है। राज्य के पालमपुर में सर्वाधिक 24 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा पांवटा साहिब में 11, सोलन में नौ, शिमला में सात, सुंदरनगर और जुब्बड़हट्टी में तीन, मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश से प्रदेश के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से छह डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक छह डिग्री की गिरावट आई है। कल्पा का अधिकतम पारा 21.8 डिग्री से लुढ़ककर 15.4 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं शिमला व भुंतर में अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। सुंदरनगर में तीन डिग्री, धर्मशाला, ऊना, नाहन व कांगड़ा में दो डिग्री तक पारा गिरा है। राजधानी शिमला में रविवार को अधिकतम तापमान 22.5, सुंदरनगर में 31.4, भुंतर में 29.5, कल्पा में 15.4, धर्मशाला में 26.8, ऊना में 36.6, नाहन में 29, सोलन में 27.5 और कांगड़ा में 34 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो पहले के मुकाबले एक से छह डिग्री तक आंका गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 14 जून तक मौसम साफ बना रहेगा। उक्त क्षेत्रों 15 जून से फिर बारिश होगी, जबकि राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 17 जून तक मौसम खराब बना रहेगा।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App