एचआरटीसी में सफर महंगा

परिवहन निगम ने पंजाब जाने वाली बसों का आठ रुपए बढ़ाया किराया, यात्री परेशान

हमीरपुर – निगम की बसों में सफर कर रहे यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। एचआरटीसी ने बस किराए में आठ रुपए तक बढ़ोतरी कर दी है। यात्रियों को राज्य के बाहर निगम की बसों में अतिरिक्त किराया व्यय करना होगा। निगम की बसों में यात्रियों को जेबें और ढीली करनी होंगी। पंजाब में बढे़ बस किराए का असर निगम की बसों में भी देखने को मिल रहा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने पंजाब में प्रवेश करने वाली निगम की सभी बसों के किराए में बढ़ोतरी कर दी है। निगम की वोल्वो बसों में किराया आठ रुपए, टाटा एसी में सात रुपए और आर्डिनरी बसों में चार रुपए तक बढ़ाया गया है। इसके चलते यात्रियों की बुकिंग काउंटर पर किराए को लेकर नोक-झोंक हो रही है। यात्रियों को दिल्ली व चंडीगढ़ रूटों पर बढ़े हुए किराए सहित सफर करना पड़ रहा है। निगम यात्रियों को स्मार्ट कार्ड या फिर सम्मान कार्ड के जरिए राहत पहुंचा रहा है। यात्रियों को स्मार्ट कार्ड पर दस फीसदी व वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान कार्ड पर 30 फीसदी छूट लांग रूट पर मुहैया करवाई जा रही है। इसके चलते उक्त यात्री कार्ड के जरिए लांग रूट की बसों में सफर का खूब आनंद उठा रहे हैं। निगम में 75 फीसदी से अधिक बसें नई शामिल की गई हैं। लांग रूट पर यात्रियों को सफर में किसी भी तरह की दिक्कत न आए। इसके चलते अधिकतर रूटों पर नई बसें ही भेजी जा रही हैं। एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक दलजीत सिंह का कहना है कि पंजाब में बढ़े बस किराए के चलते निगम का किराया बढ़ाया गया है। एचआरटीसी की जो भी बस पंजाब से होकर गुजरेगी उनमें यात्रियों को बढ़ा हुआ किराया देना होगा। बहरहाल, अब पंजाब के सफर में लोगों को जेब ढीली करनी होगी। पंजाब में बढ़े किराए के बाद हिमाचल में भी इसका असर हो गया है। बढ़े हुए किराए के बाद लोगों को काउंटर पर अधिकारियों और कंडक्टरों से उलझते देखा गया।

हमीरपुर से दिल्ली का किराया तय

बस        किराया    अब

वोल्वो     1109      1117

टाटा एसी  866       873

आर्डिनरी  502       506

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !