कंडक्टर भर्ती का रिकार्ड कब्जे में

By: Jul 9th, 2017 12:15 am

शिमला पुलिस ने तेज की जांच, 2003-04 का एचआरटीसी से जुड़ा मामला

newsशिमला  – हिमाचल पथ परिवहन निगम में विवादास्पद कंडक्टर भर्ती मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने भर्तियों से संबंधित अधिकांश रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। इस रिकार्ड की जांच की जा रही है। पुलिस ने कुछ समय पहले परिवहन निगमों के शिमला, धर्मशाला, मंडी, हमीरपुर के मंडलों से कंडक्टरों की भर्ती का रिकार्ड  उपलब्ध करवाने को कहा था, बताया जा रहा है कि इन मंडलों से पुलिस को काफी रिकार्ड उपलब्ध करवाया  गया है। इसकी अब जांच की जा रही है। इसके आधार पर ही यह पता चल पाएगा कि भर्तियों में कहां-कहां और किस स्तर पर गड़बड़ी हुई है। इससे पहले पुलिस परिवहन निगम के मुख्यालय से भी रिकार्ड ले चुकी है। मुख्यालय से लिए गए रिकार्ड में कंडक्टरों की भर्ती के संबंध में निगम प्रबंधन द्वारा लिए गए फैसले और भर्ती एवं पदोन्नति नियम हैं।  बताया जा रहा है कि पुलिस अब मुख्यालय से लिए गए रिकार्ड के साथ ही फील्ड से लिए गए रिकार्ड की जांच कर रही है। इसके आधार पर यह देखा जाएगा कि  कंडक्टरों की भर्तियां नियमों के मुताबिक हुई हैं कि नहीं। इस तरह परिवहन निगम से अब तक जो रिकार्ड लिया गया है, उसको फिलहाल पर्याप्त माना जा रहा है, लेकिन यदि जांच के दौरान जरूरत पड़ी तो पुलिस परिवहन निगम से और भी रिकार्ड मांग सकती है। उल्लेखनीय है कि हिमाचल परिवहन निगम में कंडक्टरों की भर्ती के मामले की जांच शिमला पुलिस को सौंपी गई है। कंडक्टर भर्ती का यह मामला 2003-04 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का है। इस दौरान परिवहन निगम में  ट्रांसपोर्ट मल्टीपर्पज असिस्टेंट (कंडक्टर) की भर्ती करवाई गई थी। इसके तहत शिमला, धर्मशाला, मंडी, और हमीरपुर मंडलों 378 पदों को भरा गया, लेकिन यह विवादों से घिर गई और कई  अभ्यर्थी भर्ती के इस मामले को अदालत ले गए। अदालत ने इस साल इस मामले में शिमला पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए थे। हालांकि पहले पुलिस ने पीसी एक्ट का हवाला देते हुए मामले की जांच विजिलेंस से करवाने की गुहार कोर्ट में लगाई थी, लेकिन अदालत ने पुलिस के आग्रह को खारिज कर दिया।  इसके बाद बीते मार्च माह में परिवहन निगम के पांच अधिकारियों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में 420,120बी आईपीसी के अलावा भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App