चिंतपूर्णी से…जालंधर तक जाम

गगरेट  – मां चिंतपूर्णी के सावन नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं के उमड़े जन सैलाब का मेला प्रशासन द्वारा सही के आकलन न कर पाने से पंजाब के जालंधर तक श्रद्धालुओं के वाहनों के पहिए जाम हो गए।  हालात यह हो गए कि आशादेवी से होशियारपुर तक श्रद्धालु वाहन चलना तो दूर बल्कि रेंगने में भी असमर्थ थे। कई घंटों तक लगे जाम के बाद रात के सन्नाटे को चीरते हुए जब आशादेवी-होशियारपुर सड़क मार्ग पर हाहाकार मचने लगा तो पंजाब पुलिस के अधिकारी पुलिस बल के साथ गगरेट पहुंचे और यहां से वन-वे व्यवस्था बहाल करते हुए चिंतपूर्णी से आने वाले वाहनों को वाया पंडोगा होकर होशियारपुर भेजा गया। जाम की स्थिति से निपटने के लिए पंजाब पुलिस ने अस्थायी तौर पर अपने अधिकारी व जवान गगरेट व मुबारिकपुर चौक में तैनात कर दिए हैं।  मां चिंतपूर्णी के सावन नवरात्र मेले में रविवार की छुट्टी होने के चलते शनिवार को श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ने का अंदेशा पहले से ही था। आम दिनों में ही मुबारिकपुर-चिंतपूर्णी सड़क मार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहनों के चलते जाम की स्थिति उत्पन्न रहती है, ऐसे में नवरात्र मेले में यह समस्या विकराल होने की संभावनाएं भी प्रबल थीं। मेला प्रशासन ने समय रहते यातायात व्यवस्था बहाल रखने के लिए किसी विकल्प की तलाश नहीं की। नतीजतन शनिवार रात्रि जब इस सड़क मार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहनों का सैलाब उमड़ा तो जालंधर तक वाहनों के चक्के जाम हो गए। गगरेट-होशियारपुर रोड पर पंजाब की सीमा में स्थिति इतनी विस्फोटक रूप धारण कर गई कि जाम में फंसे लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा।  जाम खुलवाने की मशक्कत में लगे पंजाब पुलिस के अधिकारियों व जवानों के भी पसीने छूट गए  और इस समस्या का हल निकालने के लिए पंजाब पुलिस के  डीएसपी सतविंद्र सिंह पुलिस जवानों के साथ गगरेट पहुंचे और विकराल स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने जिला पुलिस अधिकारियों से यहां वन-वे व्यवस्था बहाल करने को कहा। ऐसे में देर रात गगरेट कस्बे से होशियारपुर की ओर जाने वाले वाहनों को वाया पंडोगा होकर रवाना किया गया और काफी जद्दोजहद के बाद इस मार्ग पर स्थिति सामान्य हो पाई।

वन-वे व्यवस्था न करने से बिगड़े हालात

इससे पहले गगरेट कस्बे को यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए मेले के दौरान आशादेवी-अंबोटा-शिवबाड़ी सड़क मार्ग से वन-वे व्यवस्था बहाल की जाती थी, लेकिन इस बार ऐसा भी नहीं किया गया। उधर, पंजाब पुलिस ने यातायात समस्या से निजात पाने के लिए गगरेट व मुबारिकपुर कस्बे में अपने जवान तैनात कर दिए हैं और समस्या विकराल होने पर वन-वे व्यवस्था बहाल करते हुए वाहनों को वाया पंडोगा होशियारपुर के लिए रवाना किया जा रहा है।

एसपी संजीव गांधी ने खुद संभाला मोर्चा

चिंतपूर्णी में उमड़े जनसैलाब के बाद एसपी संजीव गांधी स्वयं मोर्चे पर डट गए हैं। शनिवार रात्रि भी वह डेढ़ बजे तक चिंतपूर्णी में डटे रहे और सारी स्थिति का जायजा लेते रहे। रविवार को भी वह स्वयं चिंतपूर्णी पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !