… जैसे सुदामा से मिले कृष्ण

योगी आदित्यनाथ ने महंत सूर्यनाथ योगी से की मुलाकात

गगरेट, चिंतपूर्णी, भरवाइर्ं, दौलतपुर चौक —  माहौल बेशक सादगी भरा था, लेकिन खुशगवार जरूर था। एक गुरु भाई दूसरे गुरु भाई से मिलने ऐसे पहुंचा जैसे वर्षों पुराने सखा को मिलने के लिए वर्षों से तड़प रहा है। जब दोनों एक-दूसरे के सामने आए तो इस गर्म जोशी के साथ मिले कि उस अद्भुत क्षण को देखने वाले भी जैसे धन्य हो गए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का बेशक आधिकारिक कार्यक्रम के तहत किन्नू के सप्त देवी मंदिर के महंत आदित्य नाथ योगी से मिलने का कोई कार्यक्रम नहीं था, लेकिन आदित्य नाथ योगी ने सब कार्यक्रमों से पहले अपने गुरु भाई को मिलने को ही तरजीह दी। यही नहीं, बल्कि यहां आरएसएस के कई कार्यकर्ता भी योगी से मिले। जबकि नाथ संप्रदाय के संत-महात्माओं को भी योगी ने बराबर तरजीह दी। महंत सूर्यनाथ व आदित्य नाथ योगी दोनों नाथ संप्रदाय से हैं। आदित्य नाथ योगी नाथ संप्रदाय के प्रमुख हैं तो महंत सूर्यनाथ नाथ संप्रदाय के प्रदेश मंत्री हैं। इससे पहले भी आदित्य नाथ योगी सांसद बनने के बाद करीब दो दशक पहले आ चुके हैं। महंत सूर्यनाथ को पहले ही पता था कि आदित्य नाथ योगी यहां आएंगे तो उनसे जरूर मिलेंगे। चरुड़ू हेलिपैड पर लैंड करने के बाद मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी का काफिला सीधे सप्त देवी मंदिर के लिए कूच किया और उनके सप्त देवी मंदिर पहुंचते ही उनका स्वागत एक मुख्यमंत्री की तरह नहीं बल्कि एक संत की तरह किया गया। आदित्य नाथ योगी के यहां आने की संभावनाओं को देखते हुए भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व आरएसएस के कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे हुए थे। आदित्य नाथ योगी पहले महंत सूर्यनाथ व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ महंत जी के विशेष कमरे में बैठे। इसके बाद दो-चार मिनट के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, कुटलैहड़ के विधायक वीरेंद्र कंवर, जसवां-परागपुर के विधायक विक्रम ठाकुर से भी मिले। आरएसएस के प्रमुख कार्यकर्ता अशोक कुमार सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी योगी के साथ मुलाकात की। सप्त देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करने के बाद आदित्य नाथ योगी ने नाथ संप्रदाय के साधू-संतों को भी विशेष समय दिया और उनके साथ सामूहिक चित्र भी खिंचवाया। इसके बाद आदित्य नाथ योगी का काफिला मां चिंतपूर्णी की पूजा-अर्चना के लिए यहां से कूच कर गया। योगी-महंत मुलाकात से यह बात जरूर उभर कर सामने आई है कि बेशक आदित्य नाथ योगी राजनीतिक के शिखर पर हैं,लेकिन उनका नाथ संप्रदाय से अगाध प्रेम अभी भी कम नहीं हुआ है।

नंदपुर में रथयात्रा का जोरदार स्वागत

अंब- भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा का नंदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता कुलदीप धीमान, स्वतंत्र किसान मोर्चा के अध्यक्ष ठाकुर सीता राम, की अगुवाई में गगनचुंबी नारों के साथ परिवर्तन रथ यात्रा का स्वागत किया। इस मौके पर रपोह मिसरा, नक्की, ठठल नंदपुर, कुछा, रपोह मुचलियां,  नलोह, पोलिया परोहितां, धंधडी, चक सराय, कड़प सहित अन्य गांवों के लोग उपस्थित रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !