ढली मंडी में सेब ने बिखेरी रंगत

By: Jul 2nd, 2017 7:21 pm

सबसे बड़ी फ्रूट मार्केट में पहुंचे 2253 बॉक्स, टाइडमैन 600 से 1400 रुपए में अच्छे दाम मिलने से खिले बागबानों के चहरे

newsशिमला  –  जिला शिमला में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। इसका अंदाजा फल मंडी में सेब बॉक्स के अराइवल आंकड़े से लगाया जा सकता है। फल मंडी में अराइवल का आंकड़ा दो हजार बाक्स तक पहुंच गया है, जिससे फल मंडी में खरीद-फरोख्त का माहौल गरमाने लगा है। प्रदेश की सबसे बढ़ी फल मंडी ढली में सेब के 2253 बॉक्स पहुंचे, जिसमें 2183 बाक्स टाइडमैन के और 70 बाक्स रेड जून के हैं। फल मंडी में सेब के अराइवल में बीते दिनों के मुकाबले इजाफा दर्ज किया गया है। फल मंडी में टाइडमैन सेब 600 से 1400 रुपए प्रति बॉक्स और रैड जून सेब 300 से 500 रुपए (प्रति बॉक्स) के हिसाब से बिका। इसके अलावा फल मंडी में नाशपाती के बॉक्स भी पहुंच रहे हैं। नाशपाती का बॉक्स 600 से 1600 तक बिक रहा है। फल मंडी में नाशपाती व टाइडमैन के अच्छे दाम मिलने से बागबानों के चेहरे खिल गए हैं। प्राप्त जानकारी के तहत फल मंडी में बागबानों को बीते वर्ष के मुकाबले टाइडमैन व नाशपाती के अच्छे दाम मिल रहे हैं। प्रदेश में मौसम की मार के चलते सेब की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कई क्षेत्रों में सेब की आधे से अधिक फसल तबाह हो गई है। ऐसे में सेब व नाशपाती के दामों में उछाल से किसानों ने राहत की सांसें लेनी शुरू कर दी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App