पंचकूला में भरे जाएंगे पुलिस अफसरों के पद

पंचकूला — जिला में सहायक बल स्थापित करने के लिए अनुबंध के आधार पर 111 विशेष पुलिस अधिकारी रखें जाएंगे। निकाले गए एचएसआईएफ के सिपाही, महिला व पुरुष व वर्ष 2004 में चयनित उम्मीदवार  हरियाणा सशस्त्र पुलिस के 819 सिपाहियों को विभिन्न निबंधनों व शर्तों के तहत लिया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस तरह के पात्र उम्मीदवार केवल एक वर्ष की अवधि के लिए 14 हजार रुपए मासिक मानदेय पर रखे जाएंगे और मानदेय राशि उनके बैंक खाते में जमा होगी। शर्तों के अुनसार सहायक बल के सदस्यों को उनके गृह पुलिस थानों में तैनात नहीं किया जाएगा, लेकिन यह ध्यान दिया जाएगा कि उनकी तैनाती नजदीकी पुलिस थानों में की जाएगी। इसके साथ-साथ उन्हें अन्य जिलों में भी तैनात किया जा सकता है। सहायक बल के सदस्यों के भर्ती के समय दो जोड़ा वर्दी, एक जोड़ा जूतों व अन्य वस्तुओं के लिए तीन हजार रुपए केवल एक बार दिए जाएंगे। बल के सदस्य जब सरकारी दौरे पर होंगे तो इसके लिए 150 रुपए प्रतिदिन यात्राभत्ता, दैनिक भत्ता दिया जाएगा। आकस्मिक अवकाश नियमित कर्मचारियों की तरह दिया जाएगा। ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर अनुग्रह राशि दस लाख रुपए, स्थाई विकलांगता पर एक से तीन लाख रुपए तथा गंभीर चोट पर एक लाख रुपए तक की राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इन स्वयंसेवकों की भर्ती के समय कोई लिखित परीक्षा व शारीरिक मापतोल नहीं किया जाएगा। इनका चयन पुलिस आयुक्त पंचकूला द्वारा नामित चयन समिति द्वारा किया जाएगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !