प्रदेश में प्रियंका के गोल्ड की चमक फीकी

अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी को एसआई का पद, क्रिकेट स्टार को डीएसपी का ऑफर

ऊना— परशुराम अवार्डी एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका नेगी को सरकार की ओर से उच्च पद नहीं दिए जाने का अभी भी परिजनों को रंज है। देश के लिए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रियंका नेगी कई पदक जीत चुकी हैं। इसके चलते सरकार की ओर से प्रियंका नेगी को परशुराम अवार्ड से भी सम्मानित किया गया, लेकिन सरकार की ओर से इस खिलाड़ी को डीएसपी पद दिए जाने के बजाय एसआई पद देकर महज औपचारिकता ही निभाई गई। वहीं अभी हाल ही में महिला क्रिकेट विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन करने वाली शिमला की खिलाड़ी सुषमा वर्मा को डीएसपी पद ऑफर किया है। प्रियंका नेगी अभी भी इससे वंचित हैं। प्रियंका नेगी की पुलिस विभाग में एसआई पद पर नियुक्ति की गई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के चलते सरकार की ओर से इस होनहार खिलाड़ी को भी उच्च पद दिया जाना चाहिए था। गौर हो कि प्रियंका नेगी सिरमौर जिला के तहत शिलाई से संबंधित हैं। इस खिलाड़ी को केवल एसआई का पद ही दिया गया। बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा सोलन के नालागढ़ से संबंधित अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर को भी डीएसपी पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं प्रियंका नेगी के परिजनों पिता कंवर सिंह नेगी, माता सुनीता की मानें तो कई बार मुख्यमंत्री से भी इस बारे में मिले, लेकिन सरकार की ओर से उस समय जवाब दिया गया था कि सीधे ही डीएसपी पद नहीं दिया जा सकता है। उनकी होनहार बेटी को भी सरकार द्वारा डीएसपी पद दिया जाना चाहिए। उधर, शिलाई के विधायक बलदेव तोमर, पंचायत प्रतिनिधि, महिला जागृति मंच की अध्यक्ष आशा तोमर व प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव रतन ठाकुर ने प्रदेश सरकार से प्रियंका नेगी को डीएसपी का पद देने की मांग की है। वहीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा ठाकुर, प्रियंका नेगी व रितु नेगी को अभी यह पद नहीं मिल पाया है। रतन ठाकुर ने कहा कि इस मसले को लेकर सरकार से बातचीत की जाएगी।

ये हैं प्रियंका नेगी की अचीवमेंट्स

वर्ष 2006 से स्पोर्ट्स होस्टल बिलासपुर में कबड्डी का प्रशिक्षण प्राप्त किया  2011 में श्रीलंका में हुई साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड जीता  मार्च, 2012 में कबड्डी वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल  अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में तीन गोल्ड मेडल  16 नेशनल गोल्ड मेडल   2012 में परशुराम अवार्ड  2013 में चीन में थर्ड एशियन बीच गेम्स में गोल्ड मेडल  2016 में साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड जीता।

‘दिव्य हिमाचल’ से सम्मान

प्रियंका नेगी को ‘दिव्य हिमाचल’ एक्सीलेंस आवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। कबड्डी में बेहतर प्रदर्शन करने के चलते एक्सीलेंस आवार्ड से प्रियंका को सम्मानित किया गया।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !