भ्रष्टाचार में मुख्यमंत्री ने पीछे छोड़े लालू

By: Jul 12th, 2017 12:01 am

बनीखेत —  बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चारा घोटाला के आरोपी लालू प्रसाद को भी पीछे छोड़ दिया है। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे होने के बाद भी वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री की कुर्सी से चिपके हुए हैं। प्रदेश में कांग्रेस संगठन व सरकार के बीच कोई तालमेल नहीं है। अनुराग ठाकुर मंगलवार को बनीखेत स्थित लोक निर्माण विभाग के परिधि गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासनकाल में प्रदेश की कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। मंडी में वनरक्षक होशियार सिंह की हत्या और कोटखाई में नाबालिग छात्रा की रेप के बाद निर्मम हत्या की गुत्थी अभी तक सुलझ नहीं पाई है। पुलिस इन दोनों घटनाओं में अभी तक अंधेरे में तीर चला रही है। सड़कों की खस्ताहालत पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया है। भाजपा सबका साथ सबका विकास का नारा लेकर जनता के दरबार में है। भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा के दौरान लोगों का समर्थन जाहिर करता है कि वे सत्ता परिवर्तन का मन बना चुके हैं। इस मौके पर भाजपा नेता संजीव कटवाल, जिला भाजपा प्रधान डीएस ठाकुर, डलहौजी भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद महाजन व नगर परिषद डलहौजी के अध्यक्ष मनोज चड्डा मौजूद रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App