श्रीखंड यात्रा पर निकली माता अंबिका

By: Jul 6th, 2017 9:08 pm

newsआनी – उत्तरी भारत की सबसे कठिनतम श्रीखंड कैलाश के दर्शन को निरमंड के दशनामी जूना अखाड़ा से माता अंबिका और दतात्रेय स्वामी की 22वीं छड़ी यात्रा को गुरुवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद वाद्य यंत्रों की ध्वनि और शंखनाद के साथ फलहारी बाबा महंत अशोक गिरि जी के नेतृत्व में दोपहर पौने दो बजे रवाना  किया गया। इसे श्रीखंड यात्रा की प्रबंधक और तहसीलदार निरमंड नीरजा शर्मा ने हरी झंडी दिखाई। इस छड़ी यात्रा में हर-हर महादेव का जयघोष करते  देश के विभिन्न अखाड़ों के लगभग 75 साधु-महात्मा भाग ले रहे हैं। छड़ी यात्रा के शुभारंभ पर रामपुर जलविद्युत परियोजना के प्रशासनिक प्रमुख शैलेंद्र सिंह ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और छड़ी यात्रा की सफलता के लिए परियोजना की ओर से शुभकामना के साथ हरसंभव सहायता देने का विश्वास दिलाया। इस मौके पर जूना अखाड़ा में छड़ी यात्रा समिति की ओर से भक्तों के लिए लंगर भी लगाया गया। श्रीखंड छड़ी यात्रा समिति निरमंड के अध्यक्ष देवराज कश्यप ने बताया कि यह छड़ी यात्रा गुरुवार शाम तक भराटीनाला पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि श्रीखंड कैलाश के दर्शनों के लिए निरमंड के जूना अखाडे़ से माता अंबिका और दतात्रेय स्वामी की छड़ी यात्रा वर्ष 1996 में शुरू की गई थी और इस वर्ष यह 22वीं छड़ी यात्रा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार से शुरू हुई श्रीखंड छड़ी यात्रा नौ जुलाई को गुरु पुर्णिमा के दिन समुद्रतल से लगभग 18570 फुट की ऊंचाई पर स्थित श्रीखंड कैलाश के दर्शन  और पूजा-अर्चना कर उसी दिन भीमड़वार वापस लौटेगी। देवराज कश्यप ने बताया कि छडी यात्रा का जत्था 13 जुलाई को जूना अखाड़ा पहुंचेगा, जहां उनके स्वागत व सम्मान में 14 जुलाई को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यातिथि आरएचईपी के प्रशासनिक प्रमुख शैलेंद्र सिंह के साथ निजी सचिव सुनील शर्मा, तहसीलदार निरमंड नीरजा शर्मा, श्रीखंड छड़ी यात्रा समिति निरमंड  के अध्यक्ष देवराज, उपाध्यक्ष दीपेश शर्मा, सचिव डा. रमेश शर्मा, तथा कोषाध्यक्ष हरदयाल शर्मा, कुलवंत कश्यप, कारदार पुष्पेंद्र शर्मा, योगानंद शर्मा, बीएमओ डा. संजय आनंद, कुशलानंद सहित अन्य शिव भक्त मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App