सुजानपुर बाल आश्रम से नाबालिग फरार

By: Jul 9th, 2017 12:15 am

आधी रात को पाइप के सहारे दीवार फांदकर भागा वेस्ट बंगाल का रितेश

newsसुजानपुर  – बाल आश्रम सुजानपुर की दीवार फांदकर एक नाबालिग फरार हो गया। आश्रम से भाग निकलने के बाद इसके फोन के माध्यम से सूचित किया कि वह अपने घर जा रहा है। आश्रम प्रबंधन ने यह मामला पुलिस थाना सुजानपुर में दर्ज करवा दिया है। एक सप्ताह बाद भी नाबालिग के घर न पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया है। जब आश्रम प्रबंधन ने घरवालों से जानकारी प्राप्त की, तो पता चला कि नाबालिग अभी तक घर नहीं पहुंचा है। करीब एक सप्ताह पहले नाबालिग आश्रम से भाग निकलने में कामयाब हुआ था। उसने एक पाइप के सहारे आश्रम की दीवार फांद दी।  जानकारी के अनुसार रितेश कुमार (17) निवासी वेस्ट बंगाल को अप्रैल में बाल आश्रम सुजानपुर लाया गया था। अपने घर से भाग निकाला यह नाबालिग किसी तरह से ऊना पहुंच गया। यहां पर इसके भटकता देख इसकी सूचना बाल कल्याण समिति ऊना को दी गई। बाल कल्याण समिति ने अप्रैल महीने में ही इसे बाल आश्रम सुजानपुर भेज दिया, ताकि इसकी अच्छी परवरिश हो सके। नाबालिग के यहां पहुंचने के बाद आश्रम प्रबंधन ने उसके परिजनों के बारे में जानकारी हासिल की। आश्रम प्रबंधन नाबालिग को उसके परिजनों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच दो जुलाई की रात करीब 12 बजे वह बाल आश्रम की दीवार फांदकर भाग निकला। रात 12ः30 के बाद आश्रम प्रबंधन को इसके भागने की सूचना मिली। तब तक वह काफी दूर निकल गया था। काफी ढूंढने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। बाल आश्रम सुजानपुर के पर्यवेक्षक तिलक राज ने बताया कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर नाबालिग भागने में कामयाब हुआ है। उन्होंने बताया कि युवक गुमशुदगी की सूचना थाना सुजानपुर में उसी समय दर्ज करवा दी गई थी। नाबालिग ने हरियाणा पहुंचकर दूरभाष पर सूचना दी थी कि वह अपने घर जा रहा है और उसे ढूंढने की कोशिश न करें। पर्यवेक्षक ने बताया कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि अगर इसकी कोई सूचना मिलती है, तो बाल आश्रम सुजानपुर या पुलिस सुजानपुर को सूचित करें। इस बारे में एसएचओ सुजानपुर सुरेंद्र धीमान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App