धर्मशाला के 17 वार्डों में रोपी हरियाली

धर्मशाला —  भविष्य की आने वाली पीढि़यों को ध्यान में रखते हुए हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए। सरकार प्रदेश के हरित आवरण में वृद्धि के निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि पारिस्थितिकीय संतुलन और पर्यावरण संरक्षण को बनाए रखा जा सके। इसे मूर्त रूप देने के लिए प्रदेश में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत प्रदेश भर में औषधीय एवं चौड़ी पत्तियों के पौधों का रोपण किया जा रहा है, ताकि क्षेत्रवासियों को भोजन, चारा एवं ईंधन प्राप्त हो तथा मानव एवं प्रकृति के मध्य बेहतर संतुलन सुनिश्चित किया जा सके। सरकार के इन्हीं प्रयासों के चलते प्रदेश के वन क्षेत्र में आशातीत वृद्धि हुई है। शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सुधीर शर्मा ने मंगलवार को धर्मशाला के सभी 17 वार्डों में पौधारोपण किया।  शहरी विकास मंत्री ने सिद्धबाड़ी, सिद्धपुर, खनियारा, कंड, दाड़ी, बड़ोल, शामनगर, रामनगर, दाड़नू, गमरू, चेलियां, सकोह, कैंची मोड़, कन्या पाठशाला धर्मशाला, सचिवालय परिसर, कश्मीर हाउस, चीलगाड़ी, फरसेटगंज, भागसूनाग, मकलोडगंज, बाइपास तथा सराह में पौधारोपण किया तथा लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकतर समस्याओं को मौके पर ही निपटारा किया, जबकि शेष समस्याओं के निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने हरड़, वहेड़ा, जामुन, अर्जुन, आंवला, जैकरेंडा, सिलवर ओक, देवदार, बन, बोगन बेलिया, लेजर स्ट्रोमिया, टीकोमास्टास, गुलाब, पज्जा, इंडिका के पौधे लगाए। इस अवसर पर नगर निगम की महापौर रजनी व्यास, उपमहापौर देवेंद्र जग्गी, आयुक्त नगर निगम ललित जैन, अतिरिक्त आयुक्त सतीश चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश धीमान, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष आरपी चोपड़ा, एसीएफ  सन्नी वर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण सुशील डढवाल, पार्षद शुभम सूद, कन्या पाठशाला की प्रधानाचार्य अंजुला कटोच, सराह के प्रधान ओम प्रकाश सहित अन्य उपस्थित रहे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !