धर्मशाला में दहशरा उत्सव 27 सितंबर से

धर्मशाला  —  धर्मशाला में आयोजित होने वाले चार दिवसीय जिला स्तरीय दशहरा उत्सव इस वर्ष 27 से 30 सितंबर तक मनाया जाएगा। उपायुक्त कांगड़ा सीपी वर्मा ने बुधवार को दशहरा उत्सव के प्रबंधों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की। सीपी वर्मा  ने कहा कि यह उत्सव पूर्व की भांति पुलिस मैदान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव को और प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके लिए विभिन्न समितियां गठित की गई हैं। इस उत्सव में स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कला, संस्कृति एवं विकास को प्रदर्शित करते लेख एवं चित्र प्रकाशित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दशहरा उत्सव के दौरान लोगों के मनोरंजन के लिए डॉग शो, लावर शो व तंबोला इत्यादि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्सव में 27, 28 व 29 सितंबर को सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। 30 सितंबर को रावण दहन के साथ उत्सव संपन्न होगा। उत्सव के दौरान आतिशबाजी, लंका-दहन, के अलावा अन्य मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस दौरान विभिन्न प्रकार के उत्पादों की बिक्री के लिए स्टाल स्थापित करने के अलावा विभागीय विकासात्मक प्रर्दशनियां भी लगाई जाएंगी। इस अवसर पर बैठक में एडीसी केके सरोच, एडीएम मस्त राम भारद्वाज, एएसपी विजय सकलानी, एसी टू डीसी शशि पाल नेगी, जिला के समस्त एसडीएम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और दशहरा कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !