पुलिस भर्ती कवरेज से रोके पत्रकार

नाहन – प्रदेश सरकार भले ही नौकरियों में पारदर्शिता लाने के लिए राज्य में मौखिक इंटरव्यू को समाप्त कर रही है तथा अन्य भर्तियों में भी पारदर्शिता की बात की जा रही है, परंतु हिमाचल प्रदेश पुलिस में चल रही भर्ती प्रक्रिया के गुरुवार को आरंभ होने के साथ जिला सिरमौर में विभाग की पारदर्शिता पर प्रश ्नचिन्ह लग रहा है। जिला सिरमौर पुलिस के लिए करीब 75 पदों के लिए गुरुवार को आरंभ हुई। भर्ती प्रक्रिया शहर के चंबा ग्राउंड में आरंभ तो हो गई है, परंतु विभाग ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उस वक्त स्वयं ही सवालिया निशान लगा दिया जब भर्ती प्रक्रिया की कवरेज करने के लिए गए मीडिया कर्मियों को भर्ती की कवरेज से रोका गया। गुरुवार सुबह जैसे ही भर्ती प्रक्रिया आरंभ हुई ,तो नाहन शहर के कुछ मीडिया कर्मी भर्ती प्रक्रिया की कवरेज व पारदर्शिता को देखने के लिए चंबा ग्राउंड मैदान गए, परंतु पुलिस अधिकारियों ने मीडिया कर्मियों को मैदान में भर्ती प्रक्रिया की कवरेज से रोक दिया। मीडिया कर्मियों ने यह भी तर्क दिया कि सरकार अब भर्ती में पूर्ण रूप से पारदर्शिता अमल में ला रही है, परंतु पुलिस के अधिकारियों ने मीडिया कवरेज के लिए मीडिया कर्मियों को भर्ती मैदान में प्रवेश नहीं होने दिया तथा स्पष्ट तौर पर कहा कि आप ग्राउंड के बाहर से दूर से फोटो आदि ने सकते हैं। पुलिस के अधिकारियों की इस प्रतिक्रिया से जहां मीडिया कर्मियों में रोष है, वहीं पुलिस की भर्ती में विभाग के पारदर्शिता के दावों की भी पोल खुलती है। उधर, इस संबंध में जब पुलिस अधीक्षक सिरमौर रोहित मालपानी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए ग्राउंड में प्रवेश पर मुख्यालय से प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूर्ण रूप से पारदर्शिता से की जा रही है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !