अब दौलतपुर चौक तक आएगी रेल

By: Sep 28th, 2017 12:15 am

केंद्रीय मंत्री पहली अक्तूबर को करेंगे रेलवे सेक्शन का लोकार्पण

newsऊना—  केंद्रीय रेल मंत्री पहली अक्तूबर को ऊना जिला के अंब से दौलतपुर चौक रेलवे सेक्शन का लोकार्पण करेंगे। वहीं ऊना से हमीरपुर के बीच नए रेल ट्रैक के फाइनल सर्वेक्षण कार्य का भी शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा ऊना व अंब रेलवे स्टेशन के एक्सटेंशन वर्क की आधारशिला भी रखेंगे। यह जानकारी प्रदेश भाजपाध्यक्ष एवं ऊना सदर विस क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री पियूष गोयल के इस दौरे से प्रदेश में रेलवे विस्तार कार्यक्रम को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अंब से आगे दौलतपुर चौक तक रेलवे ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। इसका ट्रायल रन भी हो चुका है। अब रेल मंत्री अंब से आगे दौलतपुर चौक तक रेल सेवा को शुरू कर नया इतिहास रचेंगे। वहीं ऊना से हमीरपुर के लिए 2600 करोड़ से अधिक राशि से बनने वाली नई रेल लाइन के अंतिम सर्वे के कार्य को भी शुरू करेंगे। इसके लिए छह करोड़ रुपए की राशि भी रेलवे मंत्रालय ने जारी की है। उन्होंने कहा कि ऊना व अंब रेलवे स्टेशन के एक्सटेंशन वर्क को भी शुरू किया जाएगा। वहीं इस दौरे के दौरान रेल मंत्री प्रदेश को रेलवे मंत्रालय की तरफ से कई अन्य सौगातें भी दे सकते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश की सड़कों के लिए 782 करोड़ रुपए व नाबार्ड से 322 करोड़ रुपए 117 विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए स्वीकृत करने पर भी केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

नतीजों बताएंगे कहां विकास, कहां नहीं

ऊना में विकास करवाने में असफल रहने के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू के आरोपों के जवाब में सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि विस चुनावों के नतीजों से सुक्खू को पता चल जाएगा कि कहां पर विकास हुआ है तथा कहां पर नहीं। विस चुनावों में कांग्रेस 10 का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी। भाजपा 50 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App