अब लोगों को प्रलोभन से ठगा नहीं जा सकता

By: Sep 24th, 2017 12:15 am

खीमी राम के मुताबिक निजी उम्मीदों से सियासी सफर कठिन

newsकुल्लू— दो बार के विधायक एवं पूर्व वन मंत्री खीमी राम शर्मा किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं, लेकिन राजनीति में लंबे अनुभव व जनता की सेवा करने वाले खीमी राम शर्मा की मानें तो जनता की निजी उम्मीदों से सियासी सफर अब आसान नहीं रहा, बल्कि कठिन हो गया। आज की जनता सब जानती है, जागरूक है और उन्हें किसी भी तरह का प्रलोभन देकर ठगा नहीं जा सकता। जनता अपने उम्मीदवार को जानती है कि वह कौन सा काम करने वाला है, लेकिन नेता को हर राह पर चलना भी है और थकना भी नहीं है। सभी की सुननी पड़ती है और उनके व्यक्तिगत काम भी करने पड़ते हैं। कई बार कुछ लोग काम न होने पर नाराज भी हो जाते हैं, लेकिन सभी की उम्मीदों पर खरा भी नहीं उतरा जा सकता। हां, उसके लिए प्रयास जरूर रहते हैं कि अपने किसी को भी नाराज न किया जाए। हर कार्यकर्ता और आम जन के सुख से पहले दुख में शामिल होना पड़ता है। कई बार दिक्कतें भी आ जाती हैं। नेताओं को भी कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। पहले लोगों की इच्छाएं व जरूरतें कम थीं, लेकिन बदलते दौर के साथ इनमें बढ़ोतरी होती जा रही है। सभी उम्मीद करते हैं कि उनका नेता उनके हर व्यक्तिगत कार्य को जरूर करेगा, लेकिन कई बार परिस्थितियां ऐसी होती हैं कि सभी के काम नहीं हो पाते। एक बात यह जरूर है कि अपने सीनियर नेताओं को जनता अच्छे से जानती है। वह जानती है कि कौन व्यक्ति विकास करने वाला है व उनके कार्य करने वाला है। मुझे भी कभी दिक्कत नहीं रही। हार-जीत एक अलग पहलू है। कई बार नेता जनता की उम्मीदों पर खरा न उतर पाए तो उन्हें हार का भी सामना करना पड़ता है, लेकिन मैंने कभी जीवन में हार-जीत के लिए चुनाव नहीं लड़ा। राजनीति करना आज के दौर में अब आसान नहीं रहा। लोगों के कई बार निजी काम होते हैं, जो कई बार पूरे भी नहीं हो पाते। ऐसे में लोग अपने नेता से नाराज हो जाते हैं, लेकिन समय के साथ सभी समझ भी जाते हैं। खीमी राम कहते हैं कि अपने परिवार के बाद उनका दूसरा परिवार उनके कार्यकर्ता व गांव के वे लोग हैं, जो आज भी उनके पास अपनी समस्याएं लेकर आते हैं।

वोट बैंक की राजनीति नहीं

खीमी राम कहते हैं कि उन्होंने कभी किसी से भेदभाव नहीं किया। हां, कई बार कुछ उच्च पदों पर बैठे लोगों के कार्य पहले करने पड़ते हैं, लेकिन अपने कार्यकर्ता के काम हमेशा किए। वोट बैंक की राजनीति नहीं की। हमेशा से विकास की राजनीति करता हूं और करता रहूंगा। मेरे लोग व मेरे क्षेत्र की जनता भली भांति जानती है कि उनका नेता जो वादा करता है, उसे पूरा करता है।

किसी तरह का भेदभाव न हो

खीमी राम शर्मा कहते हैं कि किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी का काम होना चाहिए, तभी कार्यकर्ताओं व जनता का विश्वास बना रहता है। जीत हासिल करने के लिए कई बार कुछ लोग कई तरह के हथकंठे भी अपनाते हैं, जो सही नहीं है। जनता के दिलों में हमेशा जगह बनी रहे, इसके लिए हर व्यक्ति से बिना भेदभाव व उसे ठगने का काम नहीं होना चाहिए।

विश्वास बना रहे

वोट मिले न मिले, लेकिन काम सभी का हो, यही सोच खीमी राम शर्मा रखते हैं। नेता के प्रति विश्वसनीयत होनी बेहद जरूरी है। पार्टी वोट के साथ-साथ फील्ड का भी वोट रहता है। अपने कार्यकाल में उन्होंने जिला कुल्लू का अथाह विकास करवाया। कई बड़ी योजनाओं को लाने में भी अहम भूमिका निभाई। बंजार के विकास में उनका कितना सहयोग रहा है, उसे आज भी जनता याद करती है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App