आदित्य विक्रम सिंह की मुख्यमंत्री ने की तारीफ

कुल्लू —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुल्लू मनाली दो दिवसीय दौरे के दौरान यहां जमकर राजनीतिक माहौल गरमाता हुआ देखने को मिला। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी से बाहर नेताओं को पार्टी में लाने की बात कही। वहीं, गत मंगलवार को सैंज दौरे के दौरान यहां युवा नेता  आदित्य विक्रम सिंह व अधिवक्ता दुष्यंत ठाकुर ने मुख्यमंत्री का जोरगार स्वागत किया। मुख्यमंत्री युवा नेताओं के स्वागत गदगद हुए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जमकर आदित्य विक्रम सिंह की सराहना की। उन्होंने आदित्य विक्रम सिंह को एक योग्य और ईमानदार छवि वाला युवा बताते हुए का कि वह लोगों के काम करवाने में भी सक्षम हैं। यही नहीं, वह एक अच्छे परिवार से संबंध रखता है। सबका अच्छा-बुरा जानता है। ऐसे युवा को आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने स्वर्गीय मंत्री कर्ण सिंह को याद करते हुए कहा कि उनके अधूरे कार्यों को भी पूरा किया जाएगा, जो वादे उन्होंने जनता से किए थे, उन्हें जल्द पूरा कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यहां आदित्य विक्रम सिंह की तारीफों के पुल बांधे और कहा कि युवा ईमानदार होने के साथ-साथ जनता के कार्य करवाने में काफी अधिक सक्षम हैं और ऐसे युवा को आगे आना चाहिए। आदित्य विक्रम सिंह की मंच से हजारों लोगों के बीच की गई सराहना से बंजार में भी टिकट के दावेदारों की सूची में शामिल उम्मीदवारों में भी अब आदित्य विक्रम सिंह के नाम की चर्चा होने लगी है। उधर, आदित्य विक्रम सिंह का कहना है कि उन्हें खुशी है, जो विकास के कार्य उनके पिता ने किए थे आज वे पूरे हो गए हैं और जो कार्य बचे हुए हैं वे भी जल्द पूरे हो जाएंगे। आदित्य विक्रम सिंह का कहना है कि पिता के जाने के बाद वह चाहते हैं कि जो भी वादा उनके पिता ने जनता से किया था वह पहले उसे पूरा करें। उन्होंने कहा कि  जो विश्वास उनके परिवार के प्रति लोगों के बीच में है वह उसे हमेशा बनाए रखना चाहते हैं। उनके  पिता ने जिस तरह से जनता की सेवा की वह भी उन्हीं की तरह जनता की हमेशा सेवा करना चाहते है। आदित्य विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताया कि उन्होंने पिता  की ओर से की गई घोषणाओं को पूरा करने का जो वादा किया है, वह जल्द पूरा होगा। गौर रहे कि आदित्य विक्रम सिंह भी पिता के अधूरे पड़े कार्यों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत में जुटे हुए हैं।