एचआरटीसी, सिविल सप्लाई कर्मियों को चार फीसदी डीए

जीएस बाली ने दिया तोहफा; पहली जनवरी, 2017 से मिलेगा लाभ

शिमला— एचआरटीसी और सिविल सप्लाई कारपोरेशन के कर्मचारियों को चुनावी वर्ष में चार फीसदी डीए की किश्त जारी की गई है। कर्मचारियों को यह डीए पहली जनवरी, 2017 से दिया जाएगा। कर्मचारियों को अगस्त महीने तक का डीए उनके जीपीएफ खाते में डाला जाएगा, जबकि सितंबर माह का डीए कर्मचारियों को अगले महीने के वेतन के साथ दिया जाएगा। यह जानकारी परिवहन मंत्री जीएस बाली ने दी है। एचआरटीसी व सिविल सप्लाई कारपोरेशन निदेशक मंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सिविल सप्लाई कारपोरेशन के 42 अनुबंध कर्मचारियों को नियमित किया गया है। इसके अलावा सिविल सप्लाई कारपोरेशन के कर्मचारियों को दिवाली पर इन्सेंटिव भी प्रदान किया जाएगा। सिविल सप्लाई कारपोरेशन के करीब 800 कर्मचारियों को दिवाली पर 7100 रुपए का इन्सेंटिव दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिवाली पर एचआरटीसी कर्मचारियों को मिठाई के डिब्बे के साथ-साथ एक-एक टीशर्ट दी जाएगी। टीशर्ट के पीछे एचआरटीसी अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि दालों के टैंडर करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। टैंडर होते ही उपभोक्ताओं को डिपुओं में दालें उपलब्ध होंगी।

दिवाली पर बेचे जाएंगे पटाखे-मिठाइयां

परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि दिवाली पर सिविल सप्लाई निगम पटाखे व मिठाइयां बेचेगा। पटाखे व मिठाइयां डिस्ट्रिक हैडक्वार्टर पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि पटाखे व मिठाइयां बेहतरीन कंपनियों से ली जाएंगी, जिसमें गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा।