कांग्रेस की विदाई पक्की

कुल्लू —  भाजपा की प्रदेश महिला नेत्री, नेता व कुल्लू सदर के विधायक ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर निशाने पर निशाने साधे हैं। यह राजनीतिक तीर नेताओं ने देवभूमि कुल्लू में आयोजित भाजपा के मंडल स्तरीय महिला मोर्चा सम्मेलन में छोड़े हैं। सभी नेताओं के निशाने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सबसे पहले नंबर रहे और उसके बाद उद्योग मंत्री, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रम आदित्य सिंह रहे। लिहाजा, भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार को भ्रष्टाचारी के साथ-साथ बलात्कार जैसे अन्य अपराधों के संरक्षणकर्ता वाली सरकार की संज्ञा दे दी है। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा कुल्लू मंडल की अध्यक्षा आशा महंत ने की। वहीं, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष इंदु गोस्वामी बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रही।

मातृ शक्ति से सत्ता में आएगी भाजपा

सम्मेलन के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी राम सिंह ने भी प्रदेश सरकार पर खूब निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी सरकार ने प्रदेश को डूबो दिया है। उनका कहना है कि प्रदेश की जनता सरकार से ऊब चुकी है। मातृ शक्ति भाजपा के साथ है और आने वाले विस चुनावों में मातृशक्ति के साथ सहयोग से भाजपा प्रदेश में अपना परचम लहराएगी। उनका कहना है कि कुल्लू विस क्षेत्र की चारों सीटों पर भी भाजपा का कब्जा होगा।

कांग्रेस भ्रष्टाचारियों की सरकार

प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने मुख्यमंत्री पर तीखा प्रहार और कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचारियों की सरकार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचारी ही नहीं बल्कि अपराध संरक्षणकर्ता हैं। उनका कहना है कि इसका ताजा उदाहरण शिमला का कोटखाई बिटिया रेप और मर्डर कांड है।  इस मामले में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चुपी साधे बैठे हैं।

केंद्र की योजनाओं का किया बखान

भाजपा महिला मोर्चा की कुल्लू मंडल अध्यक्ष आशा महंत ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के उत्थान के साथ गरीब और असहाय लोगों की सरकार है। योजनाओं का आम लोगों को लाभ पहुंच रहा है। उनका कहना है कि केंद्र की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महिला मोर्चा सराहनीय कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर कसे तंज

जिला परिषद सदस्य एवं पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री पट्टा मास्टर मुख्यमंत्री हैं। उनका कहना है कि पिछले दिनों  मुख्यमंत्री ने कुल्लू दौरे के दौरान एक जगह से कई उद्घाटन और शिलान्यास किए हैं। यहां जनता को गुमराह करने का कार्य मुख्यमंत्री ने किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पता है कि कांग्रेस सरकार जाने वाली है। ऐसे में वह अपना नाम योजनाओं में चमकाने के लिए आनन-फानन में ऐसे कार्य कर रहे हैं।