खड्ड उफान पर, डेढ़ घंटा थमी रही ट्रैफिक

दौलतपुर चौक —  दौलतपुर चौक-गगरेट मुख्य मार्ग पर घनारी-दियोली खड्ड उफान पर रही। इससे इस सड़क मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के पहिए करीब डेढ़ घंटे तक थमे रहे। वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित रही। इससे खड्ड के दोनों ओर वाहनों का जाम लगा रहा। वहीं, लोगों की भी भीड़ रही। स्कूली विद्यार्थियों को भी समस्या झेलनी पड़ी। दोपहर बाद हुई बारिश के चलते उक्त खड्ड  उफान पर रही, जिसके चलते लोग इस खड्ड को क्रॉस नहीं कर पाए। यहां तक कि कई लोग बारिश में ही भीगते रहे। राहगीरों में अनूप कुमार, संजीव चड्डा, अशोक,  संजय, सुनील, विकास पराशर, राजीव कुमार सहित अन्य ने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद लगभग अढ़ाई बजे हुई भारी बारिश से उक्त खड्ड में भारी बाढ़ आ गई, जिससे लोगों का आवागमन बंद हो गया,  साथ ही वाहनों के पहिए भी थम गए। इसके अतिरिक्त अंबोआ में भी खड्ड के उफान पर होने के चलते दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कतें झेलनी पड़ी। उन्होंने बताया कि बरसात में जब भी भारी बारिश होती है तो गगरेट-दौलतपुर चौक मुख्य सड़क पर पुल न होने से आवागमन रुक जाता है। लोग जाम में फंस जाते हैं। इसके चलते लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी निवारण किया जाए।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !