गांवों में चलेंगी 25 सीटर मुद्रिका बसें

परिवहन निगम निदेशक मंडल की बैठक में बोले मंत्री जीएस बाली

शिमला —  परिवहन निगम जल्द ही राज्य के दूरदराज, दुर्गम व ग्रामीण क्षेत्रों में 25 सीटों वाली मुद्रिका बसें चलाएगा। यह बात परिवहन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जीएस बाली ने कही। वह बुधवार को शिमला में हिमाचल पथ परिवहन निगम निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों व पेंशनर्ज को गत चार वर्षों के दौरान 609 करोड़ रुपए के लाभ प्रदान किए गए हैं। इतना ही नहीं, वर्ष 2017-18 के लिए 83.78 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि बीते चार महीनों के दौरान निगम के राजस्व में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और इसमें 40 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को 10.06 करोड़ रुपए की राशि शीघ्र जारी की जा रही है, जिसमें 4.50 करोड़ रुपए ओवर टाइम/टीए, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए 1.50 करोड़, अवकाश के बदले वेतन के लिए 1.25 करोड़ तथा ग्रेच्युटी के लिए 2.81 करोड़ रुपए की राशि शामिल है। उन्होंने कहा कि निगम का बेड़ा 3000 बसों का आंकड़ा पार कर चुका है जो वर्ष 2012 में 1600 से भी कम था।  उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में 86 सुपर लग्जरी बसें चलाई जा रही हैं, जिनमें से 52 निगम की, जबकि 34 बसें वैट-लीज के अंतर्गत चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि छूटे क्षेत्रों में यह सुविधा प्रदान करने के लिए 16 और लग्जरी बसें चलाई जाएंगी। छह स्थानों पर बसों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए ‘एचआरटीसी जल’ की शुरुआत भी की गई है।

साढ़े चार साल में 3323 को मिली निगम में नौकरी

गत साढ़े चार वर्ष के दौरान निगम में 3323 व्यक्तियों की विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई, जबकि 1440 कर्मचारियों को पदोन्नतियां प्रदान की गई। 3308 अनुबंध कर्मचारियों की सेवाएं नियमित की गईं। 382 नियुक्तियां कीथ एंड किन नीति के आधार पर की गई है। 574 चालकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसी प्रकार, टीएमपीए के 1300 पदों को भरने की भर्ती प्रक्रिया जारी है।