चार डिग्री तक लुढ़का तापमान

By: Sep 8th, 2017 12:15 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, 13 सितंबर तक कहीं-कहीं होगी बारिश

newsशिमला – हिमाचल प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गुरुवार को भी गर्जन के साथ बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत समूचे राज्य में 13 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। विभाग ने इस दौरान मौसम के मिला-जुला बना रहने की उम्मीदें जताई हैं। हालांकि प्रदेश में गुरुवार को दोपहर तक मौसम साफ बना रहा। मगर दोपहर बाद बादलों के घिरने और गर्जन के साथ बारिश हुई। प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर बारिश की सूचना है। बीते 24 घंटों के दौरान भी मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश रिकार्ड की गई। जुब्बड़हट्टी में सबसे अधिक 36.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा शिमला में 26.0, सरकाघाट में 24.0, धर्मशाला में 22.0, मशोबरा में 20.0, राजगढ़ जंजैहली में 18.0, बैजनाथ में 14.0, गोहर में 13.0, मनाली में 7.0 और संगड़ाह में 5.0 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश से अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। भुंतर के अधिकतम पारे में सबसे अधिक चार डिग्री गिरावट आई है। इसके अलावा कल्पा, शिमला में तीन डिग्री और सुंदरनगर-सोलन के पारे में दो डिग्री की गिरावट आई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 22.0, सुंदरनगर में 31.0, भुंतर में 29.0, कल्पा में 20.4, धर्मशाला में 26.8, ऊना में 34.3, नाहन में 27, सोलन में 27.0 और कांगड़ा में 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश भर में 13 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर बारिश होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App