जयसिंहपुर मंडल की मेहनत पर फेरा पानी

लंबागांव —  ज्यों-ज्यों चुनाव नजदीक आ रहे हैं पार्टियों का चाल, चलन और चरित्र भी सबके सामने आ रहा है। एकजुटता की दुहाई, रैलियों-आंदोलनों के दावे उस समय खोखले नजर आते हैं जब किसी कार्यक्रम का प्रचार प्रसार तो खूब होता है, पर अंतिम समस्या में सब शून्य नजर आता है। मामला यहां आयोजित हुए भाजपा महिला सम्मेलन का है। मंडल द्वारा आयोजित महिलाओं के लिए इस कार्यक्रम में प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने ही शिरकत नहीं की। भाजपा जिलाध्यक्ष विनय शर्मा खानापूर्ति के लिए कार्यक्रम खत्म होने के बाद आए। प्रदेश भाजपा महासचिव कृपाल परमार भी गैर हाजिर रहे। तीन शीर्ष नेताओं की गैर हाजिरी के बाद सिर्फ सचिव डेजी ठाकुर के कंधों पर ही कार्यक्रम की जिम्मेदारी रही। कार्यक्रम के दौरान ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया कि शीर्ष पदाधिकारी क्यों नहीं आए। जयसिंहपुर भाजपा मंडल ने अपने स्तर पर खूब जोर लगाया कि कार्यक्रम सफल हो पर वरिष्ठ नेताओं ने पानी फेर दिया। लगभग 800 महिलाओं कार्यकर्ताओं ने शिरकत भी की।  हर कोई जानना चाहता है कि ऐसे क्या कारण रहे कि यहां कोई बड़ा नेता नहीं आया। अगर जानकार सूत्रों की मानें तो यह नेता किसी बड़े कार्यक्रम में व्यस्त न होकर अपने गृह क्षेत्र में ही थे। दूसरी तरफ भले ही मंडल टिकट के सभी दावेदारों को साथ लेकर चला हो, मगर लोग पिछले चुनावों को भी नहीं भूले हैं। जयसिंहपुर में कांग्रेस इसी मौके की तलाश में है कि पूर्व की तरह इस बार भी भाजपा बंट जाएगी। कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि काश यहां कोई बड़ा नेता आ जाता और महिलाओं को संबोधित कर यहां भाजपा की जीत की पहली दहलीज पर पैर रखने के प्रयास करते। जानकर सूत्रों की मानें तो  अगर समय रहते किसी बड़े नेता द्वारा यहां प्रयास नहीं किए गए तो मंडल की मेहनत पर पानी फिरने में देर नहीं लगेगी। कार्यक्रम में जो उपस्थित रहे उनमें अनुराधा शर्मा, अमीता राणा, मीना कुमारी, आरती शर्मा, सुमन कटोच, सीमा देवी, विद्या देवी, सोनिया शर्मा, निर्जला ठाकुर, वीना मन्हास, शारिका के अलावा मंडल अध्यक्ष, महेंद्र डढवाल, रवि धीमान, अजय कबीर, हेमराज, बलदेव, राजेश व जीवन शामिल थे। हालांकि इंदु गोस्वामी ने कहा कि उन्हें चौपाल जाना पड़ा इसलिए नहीं पहुंच पाई। विनय शर्मा ने कहा कि वह पहुंचने में लेट हो गए। पर क्या यहां बयान कार्यकर्ताओं को एकजुट रख पाएंगे।