जीएसटी के बाद नए आर्डर कम

मुंबई— वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने के बाद लगातार दूसरे महीने अगस्त में देश के सेवा क्षेत्र में नए आर्डरों में गिरावट का क्रम जारी रहा और इसका निक्केई इंडिया पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) 47.5 दर्ज किया गया। जुलाई में पीएमआई 45.9 रहा था। निक्केई माह दर माह होने वाले बदलावों के आंकड़े जारी करता है। सूचकांक का 50 से नीचे रहना गतिविधियों में गिरावट और इससे ऊपर रहना सुधार दर्शाता है। वहीं, इसका 50 पर रहना स्थिरता दर्शाता है। निक्केई की ताजा जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि सेवा क्षेत्र की गतिविधियों के साथ नए आर्डरों में लगातार दूसरे महीने कमी आई है। हालांकि जुलाई में इसकी गिरावट की दर कुछ कम रही। कंपनियों ने इसे देखते हुए नौकरियों में भी छंटनी की है। इसके साथ उनकी लागत में भी मामूली इजाफा हुआ है। निक्केई द्वारा करवाए गए सर्वेक्षण में हिस्सा लेने वाली कंपनियों ने हालांकि भविष्य में विकास की उम्मीद को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। रिपोर्ट की लेखिका और आईएचएस मार्केट की मुख्य अर्थशास्त्री पॉलियाना डी लीमा ने इन आंकड़ों के बारे में कहा कि सेवा क्षेत्र अगस्त में निजी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में सुस्ती का कारक रहा है। विनिर्माण की तेजी को सेवा क्षेत्र की गिरावट ने बेअसर कर दिया।