तनख्वाह बढ़ी…पर सोसायटी अड़ी

By: Sep 19th, 2017 12:10 am

news newsशिमला  —   सैहब सोसायटी कर्मचारियों के वेतन में दस फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। वेतन बढ़ोतरी के साथ-साथ सैहब कर्मचारियों के लिए पॉलिसी भी बनाई जाएगी। यह फैसला सोमवार को नगर निगम शिमला की एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) में शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा की अध्यक्षता में लिया गया। एजीएम में सैहब कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति बनाने पर चर्चा की गई। चर्चा के बाद शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने सैहब कर्मचारियों के वेतन में दस फीसदी बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजधानी में सफाई कर्मचारियों द्वारा बार-बार की जा रही हड़ताल का स्थायी समाधान होना चाहिए, ताकि जनता को आए दिन दिक्कतें न झेलनी पड़े। उन्होंने गवर्निंग बॉडी को निर्देश दिए हैं कि सैहब सोसायटी के वॉयलॉज में अवेडमेंट कर पालिसी को एक माह में तैयार कर अगली एजीएम की बैठक में लाया जाए। उन्होंने घोषणा की कि सैहब कर्मचारियों को अगले फाइनांशियल ईयर में भी दस फीसदी की बढ़ोतरी मिलेगी। मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि जिस  सोच से सोसायटी बनाई गई थी वह अचीव नहीं कर पा रही है। उन्होंने नई नगर निगम को इन्कम बढ़ाने पर फोकस करने को कहा है। वहीं उन्होंने निगम को कलेक्शन के लिए ऐसा सिस्टम बनाने को भी कहा है जिससे कर्मचारी हर घर तक पहुंच सकें। इसमें सरकार भी निगम को सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि हिल्स क्वीन शिमला पहुंचने वाले सैलानी एक बार आकर दोबारा वापस नहीं आ रहे हैं न ही वे दूसरों को शिमला आने को कहते हैं। इसलिए मिलकर शहर की सफाई व्यवस्था पर फोकस करने की जरूरत है।

कर्मचारियों को किया जा रहा गुमराह

एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) की बैठक में पार्षद बिट्टू  कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को पालिसी के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। जल्द ही आचार संहिता लगने वाली है। ऐसे में कर्मचारियों को पालिसी का झांसा देकर गुमराह किया जा रहा है।

घरों से 15-15 दिन तक नहीं उठा कूड़ा

पार्षद संजय परमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी 15-15 दिन तक घरों से कूड़ा नहीं उठा है। सैहब कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी होनी चाहिए, मगर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

भाजपा-माकपा पार्षद आमने- सामने

एनुअल जनरल मीटिंग में भाजपा व माकपा के पार्षद आमने-सामने दिखे। भाजपा पार्षदों ने एजेंडों से बाहर के विषय पर चर्चा करने का विरोध किया और माकपा पार्षद के एजेंडों पर ही चर्चा करने को कहा।

सैहब कर्मियों के भविष्य के साथ खिलवाड़

सैहब सोसायटी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि सैहब कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। उन्हें सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। निगम प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों को रेन कोट दिए थे। वे दो दिन में ही फट गए थे।

25 कर्मचारी पीलिया से पीडि़त

यूनियन के पदाधिकारियों का आरोप है कि शहर का कूड़ा उठाने वाले 25 कर्मचारी पीलिया से ग्रस्त हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन की ओर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला।

सरकार को नहीं भेजा गया प्रस्ताव

एजीएम की बैठक में उपमहापौर राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि सैहब कर्मचारियों की मांगों बाबत पिछली नगर निगम में जो प्रस्ताव तैयार किया गया था, उस प्रस्ताव को सरकार को नहीं भेजा गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App