धरोहरें बचाने के लिए मैराथन

टीहरा – टीहरा पंचायत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को टूरिज्म स्काउट इंडिया एवं अटल वेलफेयर सोसायटी के सहयोेग से सेव हेरिटेज-सेव कमलाह फोर्ट क्रास कंट्री मैराथन का आयोजन कर रही है। यह क्रास कंट्री टीहरा पंचायत से शुरू होकर कमलाह के लिए बन रही सड़क कमलाह गलू की ओर होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण 27 सितंबर को सुबह आठ बजे टिहरा पंचायत घर में शुरू होगा। प्रतियोगिता  में दो वर्ग सीनियर महिला और पुरुष वर्ग तथा जूनियर वर्ग में अंडर-17 लड़के-लड़कियां भाग ले सकते हैं। जूनियर वर्ग में प्रतिभागियों को पुरस्कार जीतने की स्थिति में विजेताओं को अपना जन्म प्रमाण पत्र दिखाना होगा। यह जानकारी  टिहरा पंचायत के प्रधान सुरेंद्र पठानिया ने दी। इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर के  खिलाडि़यों के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई लोग भी भाग लेंगे। हर श्रेणी में पहले दस स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिए  जाएंगे। सुरेंद्र पठानिया ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन के लिए नरेश राणा, कमलेश वर्मा, मुनीश कंवर, बृज लाल, हेम सिंह पठानिया, संतोष कुमार, विक्रांत ठाकुर, मनोज वर्मा को समन्वयक बनाया गया है।