नौ को स्क्रब टायफस दो डेंगू की चपेट में

टीएमसी  – डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा स्थित अस्पताल में स्क्रब टायफस के नौ मामले सामने आए हैं। इनके अलावा दो लोगों में डेंगू, एक में स्वाइन फ्लू और एक ही मरीज में हेपेटाइटिस सी के  लक्षण भी पाए गए हैं। सभी मरीज अस्पताल में उपचाराधीन हैं। स्क्रब टायफस के एक साथ इतने मरीज आने से अस्पताल प्रशासन भी सकते में आ गया है। स्क्रब टायफस के मामले कांगड़ा जिला के अलावा हमीरपुर और चंबा से हैं। इनमें देहरा से 68 वर्षीय वृद्ध, जयसिंहपुर से 30 साल की महिला, पालमपुर से 23 साल की महिला, फतेहपुर से 35 साल की महिला शामिल है। इसके अलावा हमीरपुर से 37 साल की महिला, 42 साल का पुरुष और 21 साल की महिला इस जानलेवा बीमारी के चपेट में आए हैं।  चंबा जिला से 27 साल का युवक, और 37 साल के व्यक्ति की स्क्रब टायफस रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके अलावा जवाली की महिला में स्वाइन फ्लू और टांडा की 18 वर्षीय  युवती में हेपेटाइटिस सी के  लक्षण पाए गए हैं। वहीं नगरोटा बगवां का 27 वर्षीय युवक और बैजनाथ की 29 वर्षीय महिला की डेंगू की रिपोर्ट टैस्ट के दौरान पाजिटिव पाई गई है।