पास देने के चक्कर में सुपरवाइजर की मौत

सुजानपुर —  टीहरा में पास देने के चक्कर में मोटरसाइकिल स्किड हो गई। इसके चलते मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दूसरे व्यक्ति को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में उपचार के बाद टांडा रैफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार नगर परिषद सुजानपुर में बतौर सुपरवाइजर पद पर तैनात अशोक कुमार व कुलदीप कुमार निवासी पनोह बुधवार सुबह घर से मोटरसाइकिल पर सुजानपुर के लिए निकले थे। सुजानपुर से महज दो किलोमीटर पीछे ही चालक अशोक कुमार को आगे से निगम की बस के आने का आभास हुआ। इसके चलते उसने मोटरसाइकिल को सड़क से जैसे ही नीचे उतारना शुरू किया, तो उसने मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो दिया। सड़क में उतराई होने के चलते मोटरसाइकिल स्किड होते हुए पहाड़ी से जा टकराई। इसके चलते चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। हालांकि निगम के बस चालक ने जैसे ही मोटरसाइकिल को स्किड होता देखा, तो उसने बस को सड़क से नीचे उतार दिया, ताकि दोनों व्यक्ति बस की चपेट में न आ सकें। सुजानपुर पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली, तो उन्होंने तुरंत घटनास्थल का जायजा लिया। घायल कुलदीप कुमार को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उपचार के उपरांत उसे टांडा रैफर कर दिया है। सुजानपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

हेल्मेट पहना होता तो बच जाती जान

सुजानपुर  – अपने शांत स्वभाव और कार्य में व्यस्त रहने वाला नगर परिषद सुजानपुर का युवक बुधवार को मौत की आगोश में समा गया। इस दर्दनाक हादसे से जहां मृतक परिवार पूरी तरह से टूट गया है। मृतक अशोक कुमार (42) ने अगर हेल्मेट पहना होता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी। गौर रहे कि अशोक कुमार दोपहिया वाहन चलाते समय बिना हेल्मेट के कहीं नहीं जाता थे, लेकिन बुधवार को जब वह दुर्घटना का शिकार हुए, तो उसने हेल्मेट नहीं पहना था। हालांकि मृतक ने अपना हेल्मेट बाइक के साथ लगा रखा था। मृतक के परिजनों को जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिली, पूरा गांव ही घटनास्थल पर दौड़ पड़ा। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बच्चे छोड़ गया है।

युवक की मौत पर जताया शोक

मृतक अशोक कुमार के आकस्मिक निधन पर नगर परिषद सुजानपुर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित सभी वार्ड पार्षदों, कर्मचारी वर्ग स्टाफ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। व्यापार मंडल सुजानपुर के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, महासचिव मनीष गुप्ता, उपाध्यक्ष मनजीत सहित कोर कमेटी सदस्य और शहर के व्यापारी वर्ग ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा, बीडीसी उपाध्यक्ष लेखराज ठाकुर, उपमंडल अधिकारी सुजानपुर विजय कुमार धीमान, तहसीलदार सुरेश पटियाल, नायब तहसीलदार उर्मिल सुमन, किशोरी लाल सहित सुजानपुर प्रशासन ने गहरा दुख व्यक्त किया है।